जूते का इस्तेमाल हर रोज होता है। ऐसे में ये हफ्ते भर में ही गंदे हो जाते हैं। खासकर सफेद जूते जल्दी और जरूरत से ज्यादा गंदे होते हैं। इनपर धूल, मिट्टी और गंदगी जम जाती है। इसलिए समय समय पर इसे साफ करना भी जरूरी है। जूते को साफ करने के आम तौर पर लोग ब्रश, साबुन का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन रगड़ रगड़ कर हाथ में दर्द होने लगता है। ऐसे में लोगों के मन में ये सवाल रहता है कि क्या जूतों को कपड़े की तरह मशीन में नहीं धोया जा सकता। इसका जवाब है हां, वॉशिंग मशीन में जूते को आसानी से धोया जा सकता है। यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि वॉशिंग मशीन में जूते को कैसे धोएं।
किन जूतों को मशीन में धोना सुरक्षित है?
वॉशिग मशीन में आप कैनवास, नायलॉन, कॉटन और सिंथेटिक मटीरियल से बने स्पोर्ट्स शूज या रनिंग शूज़ धो सकते हैं।
मशीन में जूते धोने का तरीका
सबसे पहले जूतों के फीते और अंदर के सोल को बाहर निकाल लें। फीतों को अलग से हाथ से धोएं और इनसोल को हवा में सूखने दें। अब एक पुराने टूथब्रश की मदद से जूतों के सोल में फंसे सूखे कीचड़, कंकड़ और मिट्टी को अच्छी तरह झाड़ लें। इस बात का ध्यान रहे कि जूतों के सोल और ऊपरी हिस्से पर कोई बड़ा धूल या कंकड़ नहीं होना चाहिए। जूतों को सीधे ड्रम में डालने से बचें, क्योंकि यह मशीन की दीवारों से टकराकर ड्रम को नुकसान पहुंचा सकते हैं और जूते भी फट सकते हैं। इसके लिए जूतों को एक मेश लॉन्ड्री बैग या पुराने सूती तकिए के कवर में डालें और उसका मुंह अच्छी तरह बांध लें। इसके बाद वॉशिंग मशीन में कुछ पुराने तौलिए साथ में डाल दें। तौलिए धोने के दौरान जूतों को ड्रम से टकराने से बचाएंगे। इसके बाद मशीन में ठंडा पानी डालें। इसके बाद इसमें सर्फ डालें और डेलिकेट या जेंटल साइकिल पर चलाएं। जब जूते धुल जाएं तो जूतों को मशीन से बाहर निकालें। कभी भी जूतों को ड्रायर में न सुखाएं, इससे उनकी शेप बिगड़ सकती है और ग्लू कमजोर हो जाता है। जूतों के अंदर टिश्यू पेपर या पुराना अखबार भरकर उन्हें किसी हवादार छायादार जगह पर सूखने के लिए रखें। जब जूता सूख जाए तो फिर इसे इस्तेमाल करें।