1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. साबूदाना से बनाएं क्रिस्टल जैसी चमकदार मिठाई, पहले कभी नहीं खाई होगी ऐसी रेसिपी, दिवाली पर बनाएं

साबूदाना से बनाएं क्रिस्टल जैसी चमकदार मिठाई, पहले कभी नहीं खाई होगी ऐसी रेसिपी, दिवाली पर बनाएं

दिवाली पर कुछ नया ट्राई करना है तो साबूदाना से एकदम क्रिस्टल जैसी चमकदार मिठाई बनाकर खाएं। इसे स्टफिंग करके चाशनी में पकाकर तैयार किया जाता है। बच्चों को ये अनोखी मिठाई काफी पसंद आएगी।

साबूदाना मिठाई- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV साबूदाना मिठाई

दिवाली पर कुछ मजेदार खाना है तो इस बार लड्डू बर्फी की जगह साबूदाना क्रिस्टल मिठाई ट्राई करें। ये रेसिपी इंस्टाग्राम पर काफी वायरल हो रही है। इसे साबूदाना और नारियल गुड़ की स्टफिंग से तैयार किया जाता है। इसका स्वाद एकदम अलग होता है। बच्चों को मिठाई की शेप और कलर बहुत अच्छा लगता है। आप इसे घर आए मेहमानों को बनाकर जरूर खिलाएं। इस मिठाई को बनाने में आपको दूध या मावा की भी जरूरत नहीं पड़ेगी। सिर्फ साबूदाना और कुछ आसानी से घर में मौजूद चीजों से इसे बनाया जा सकता है। नोट कर लें साबूदाना मिठाई की रेसिपी।

साबूदाना मिठाई रेसिपी

पहला स्टेप- इस मिठाई को बनाने के लिए सबसे पहले पैन में 1 चम्मच देसी घी डालें। इसमें 1 कटोरी ताजा कद्दूकस किया नारियल और 1 कटोरी गुड़ का पाउडर डालें। दोनों चीजों को मिलाएं और थोड़ी इलायची डालकर स्टफिंग तैयार कर लें।

दूसरा स्टेप- अब सूखे पैन में साबूदाना को हल्का रोस्ट करें। ध्यान रखें कि साबूदाने का रंग सफेद ही रहना चाहिए। अब इसे ठंडा होने के बाद मिक्सी में डालकर बारीक पाउडर जैसा पीस लें। इसे छन्नी से छान लें और इसमें 1 चम्मच घी, 1 चुटकी नमक और 1 चम्मच चीनी डाल दें। अब थोड़ा पानी डालते हुए मुलायम आटे जैसा तैयार कर लें।

तीसरा स्टेप- इसकी छोटी-छोटी लोईयां बना लें और बीच में नारियल गुड़ वाली स्टफिंग भरें। किनारों को अच्छी तरह से बंद करके इसे गोल या हल्का लंबा शेप दें। सारी मिठाई ऐसे ही बनाकर तैयार कर लें। 

चौथा स्टेप-  अब पैन में 1 कप चीनी और 1 कप पानी डालकर चाशनी बना लें। चीनी घुल जाए तो इसमें इलायची पाउडर, केसर डालकर चाशनी बना लें। इस चाशनी में तैयार की गई साबूदाना मिठाई को डाल दें। इसे धीमी आंच पर 5 मिनट के लिए ढककर पकाएं।

लीजिए स्वादिष्ट साबूदाना क्रिस्टल मिठाई बनकर तैयार है। इसे चाशनी से निकालकर सर्व करें। आपको ये मिठाई खाने में बहुत स्वादिष्ट लगेगी। इसका जेली जैसा टेक्सचर बच्चों को बहुत पसंद आएगी। आप इस फ्रिज में रखकर ठंडा-ठंडा खाएं। फ्रिज में स्टोर करके इसे हफ्तेभर तक आसानी से खाया जा सकता है। 

Latest Lifestyle News