व्रत में साबूदाने की खिचड़ी काफी स्वादिष्ट लगती है। साबूदाना खाते ही पेट आसानी से भर जाता है और लंबे समय तक भूख नहीं लगती है। फलाहार के लिए साबूदाना अच्छा माना जाता है। साबूदाना में फाइबर, आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम और एंटी ऑक्सीडेंट होते हैं जो शरीर को एनर्जी देता है। वैसे तो साबूदाना से कई तरह की डिश बनाई जा सकती हैं। जैसे साबूदाना की खीर, साबूदाना वड़ा, साबूदाना पापड़ और साबूदाना की खिचड़ी। व्रत में साबूदाने की खिचड़ी लोगों को काफी पसंद होती है। इससे शरीर को एनर्जी मिलती है और पेट भरा रहता है। लेकिन साबूदाना खिचड़ी हर किसी को सही तरीके से बनाना नहीं आता है। कुछ लोगों की शिकायत होती है कि साबूदाना खिचड़ी चिपक जाती है और खिली-खिली नहीं बनती है। अगर आपको भी साबूदाना खिचड़ी बनाने में यही परेशानी झेलनी पड़ती है तो हम आपको कुछ ऐसे टिप्स बता रहे हैं जिससे एकदम खिली-खिली साबूदाना खिचड़ी बनेगी। आइये जानते हैं साबूदाना खिचड़ी की रसिपी।
साबूदाना खिचड़ी रेसिपी
पहला स्टेप- सबसे पहले खिचड़ी बनाने के लिए आपको मोटा वाला साबूदाना लेना है। 1 कप साबूदाना लें इसमें काफी खिचड़ी बन जाएगी। साबूदाना को पानी डालकर हाथ से रगड़ते हुए अच्छी तरह से साफ कर लें। इससे सारी गंदगी निकल जाएगी और ऊपर चिपका स्टार्च भी कम हो जाएगा जिससे खिचड़ी खिली-खिली बनेगी। साबूदाना को 2-3 बार धो लें।
दूसरा स्टेप- अब साबूदाना को करीब 4-5 घंटे या रात भर के लिए पानी में भिगो दें। साबूदाना भिगोने वाला टिप्स ही इसे चिपचिपी और खिली-खिली बनाता है। आपको साबूदाना सिर्फ डूब जाए इतना पानी भिगोने के लिए डालना है। इससे ज्यादा पानी न रखें। साबूदाना फूलने पर सारा पानी सोख लेगा। अगर दिन में भिगो रहे हैं तो साबूदाना को बीच-बीच में चम्मच से 1-2 बार पलट दें जिससे सभी साबूदाना अच्छी तरह भीग जाएं।
तीसरा स्टेप- खिचड़ी बनाने के लिए पैन में 1 चम्मच घी डालें और थोड़ी मूंगफली फ्राई कर लें। उसी पैन 2-3 चम्मच घी और डाल दें। इसमें जीरा और अदरक कद्दूकस करके डाल दें। 2 हरी मिर्च को काट लें और एक आलू को पतला पतला काटकर घी में डाल दें। सारी चीजें पक जाएं तो इसमें कटा हुआ टमाटर डाल दें। कुछ लोग टमाटर की जगह नींबू का इस्तेमाल करते हैं।
चौथा स्टेप- अब टमाटर के गलने के बाद इसमें साबूदाना डालकर अच्छी तरह मिला दें। ऊपर से बारीक कटा हुआ हरा धनिया डाल दें और थोड़ा नींबू का रस निचोड़ दें। तैयार है साबूदाना की एकदम दानेदार खिचड़ी ऊपर से मूंगफली डालकर सर्व करें।
Latest Lifestyle News