1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. गोंद मखाने की ये रेसिपी पीढ़ियों से घर में बनती आ रही है, दादी नानी के सेहतमंद रहने का राज, आप भी बनाकर खाएं

गोंद मखाने की ये रेसिपी पीढ़ियों से घर में बनती आ रही है, दादी नानी के सेहतमंद रहने का राज, आप भी बनाकर खाएं

अक्सर लोग कहते हैं कि पहले के लोगों में जितनी ताकत होती थी, आजकल के लोगों में नहीं है। अगर आपको भी शरीर को मजबूत और शक्तिशाली बनाना है तो पीढ़ियों से घर में बनने वाली ये गोंद मखाने और ड्राई फ्रूट्स की रेसिपी जरूर ट्राई करें।

गोंद मखाना रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV गोंद मखाना रेसिपी

सेहतमंद रहने के लिए दादी नानी घरों में मौसम के हिसाब से अलग-अलग तरह की चीजें बनाती थीं। हल्की सर्दियां आते ही घरों में गोंद मखाने और ड्राई फ्रूट्स से पंजीरी बनाकर तैयार की जाती थी। इसे दूध के साथ रोजाना सुबह खाने से शरीर को गर्माहट, ताकत और जरूरी पोषण मिल जाता था। पुराने जमाने का ये एक पौष्टिक स्नैक था, जिसे आप भी आसानी से घ में बनाकर खा सकते हैं। इस रेसिपी को घरों में पीढ़ियों से बनाकर खाया जाता रहा है। आइये जानते हैं गोंद मखाने और ड्राई फ्रूट्स की पंजीरी बनाने की रेसिपी।

इस पंजीरी को खाने से शरीर को प्रोटीन, हेल्दी फैट, फाइबर और मैग्नीशियम, फॉस्फोरस और कैल्शियम जैसे मिनरल्स और विटामिन अच्छी मात्रा में मिल जाते हैं। शुद्ध देसी घी शरीर को गर्म रखने में मदद करता है। इसे खाने से पेट भी भर जाता है और शरीर को ताकत भी मिल जाती है।

गोंद, मखाना, ड्राई फ्रूट पंजीरी की सामग्री

  • 150 ग्राम बादाम
  • 150 ग्राम काजू
  • 150 ग्राम पिस्ता
  • 150 ग्राम अखरोट
  • 100 ग्राम किशमिश
  • 100 ग्राम गोंद
  • 150 ग्राम मखाने 
  • 150 ग्राम खरबूजे के बीज
  • ¼ कप तिल
  • ¼ कप खसखस
  • ¼ कप अलसी के बीज
  • 2 कप कद्दूकस किया हुआ नारियल
  • ½ बड़ा चम्मच अदरक पाउडर (सोंठ)
  • 1 छोटा चम्मच कुटी हुई अजवायन
  • 200 ग्राम गेहूं का आटा
  • 250–350 ग्राम देसी घी
  • 250-300 ग्राम देसी खांड (इसे पीस लें)

गोंद, मखाना, ड्राई फ्रूट पंजीरी रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले कड़ाही में थोड़ा देसी घी गर्म करें और इसमें काजू, बादाम, पिस्ता, अखरोट, किशमिश, मखाने, खरबूजे के बीज और गोंद को अलग-अलग करके भूनते जाएं। आप जरूरत के हिसाब से थोड़ा थोड़ा घी डालकर सारी चीजों को भून लें

दूसरा स्टेप- अब उसी कड़ाही में थोड़ा और घी डालकर तिल, खसखस, अलसी के बीज और नारियल को हल्का भून लें और इसमें सोंठ और अजवायन मिलाएं। इसी कड़ाही में गेहूं के आटे को धीमी से मध्यम आंच पर तब तक भूनें जब तक उसका रंग न बदल जाए और अच्छी खुशबू न आने लगे।

तीसरा स्टेप- अब सारे फ्राई किए हुए मेवा, मखाने और दूसरी भुनी हुई चीज़ों को मोटा-मोटा कूट लें या मिक्सी में दरदरा पीस लें। थोड़े ड्राई फ्रूट्स साबुत भी रखें इससे पंजीरी खाने में खास क्रंच मिलेगा। अब पिसे हुए सारे ड्राई फ्रूट्स में भुना आटा और देसी खांड मिला दें। जरूरत के हिसाब से बचा हुआ देसी घी डालें और अच्छी तरह मिलाएं जब तक सब कुछ एकसार न हो जाए।

पंजीरी को एयरटाइट कंटेनर में डालने से पहले पूरी तरह ठंडा होने दें। अब इसे डब्बे में भरकर पूरे 1 महीने तक स्टोर करके खा सकते हैं। रोजाना 3-4 चम्मच पंजीरी खाने से ही शरीर में ताकत आ जाएगी।

 

Latest Lifestyle News