1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. ठंड में खाएं ड्राई फ्रूट्स और आटे की पंजीरी, 2-3 चम्मच खाते ही शरीर में आ जाएगी गर्मी, नोट कर लें रेसिपी

ठंड में खाएं ड्राई फ्रूट्स और आटे की पंजीरी, 2-3 चम्मच खाते ही शरीर में आ जाएगी गर्मी, नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Dec 17, 2025 01:42 pm IST,  Updated : Dec 17, 2025 02:26 pm IST

Winter Panjiri Recipe: सर्दियों में ड्राई फ्रूट्स और आटे से बनी पंजीरी रोज जरूर खानी चाहिए। इससे शरीर को ताकत और गर्मी दोनों मिलती है। कम घी में आप आसानी से पंजीरी बनाकर पूरे सीजन के लिए स्टोर कर सकते हैं। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

पंजीरी रेसिपी- India TV Hindi
पंजीरी रेसिपी Image Source : INDIA TV

ठंड में स्वस्थ रहने के लिए मेवा खाने की सलाह दी जाती है। इस मौसम में शरीर को अंदर से गर्म रखने वाली चीजें डाइट में जरूर शामिल करनी चाहिए। इसके लिए पंजीरी एक बेहतरीन विकल्प है। अक्सर आपने देखा होगा गर्भवती महिलाओं को बच्चा होने के बाद पंजीरी खाने के लिए दी जाती है। इससे शरीर को पोषण मिलता है और शरीर गर्म रहता है। ठंड से बचने के लिए आप भी पंजीरी बनाकर स्टोर कर सकते हैं। खास बात ये है कि पंजीरी को कम घी में भी बनाया जा सकता है। जबकि इसी पंजीरी के लड्डू बनाकर खाएंगे तो इसमें बहुत ज्यादा घी डालना पड़ेगा। पंजीरी एक हेल्दी ऑप्शन है। इसमें सारे ड्राई फ्रूट्स, सौंठ, बीज, काली मिर्च, मखाना, आटा, देसी घी, गुड़ की शक्कर और गोंद डालकर बनाया जाता है। फटाफट नोट कर लें सर्दियों में खाई जाने वाली पंजीरी की रेसिपी।

पंजीरी की रेसिपी 

पहला स्टेप- पंजीरी बनाने के लिए सबसे पहले एक कड़ाही में करीब 1 किलो आटा भून लें। आटे को भूनते वक्त गैस की फ्लेम धीमी रखें इससे आटा अच्छी तरह भुनकर तैयार होता है। आटे में आप घी मिक्स करके भूनेंगे तो ज्यादा अच्छी खुशबू आएगी और आटे का स्वाद भी बढ़ जाएगा। आप 1 किलो आटे में करीब 300 ग्राम घी डाल दें। अब आटे को ब्राउन होने और खुशबू आने तक भून लें।

दूसरा स्टेप- कड़ाही से आटा निकाल दें और अब इसमें 4-5 चम्मच देसी घी डालें और इसमें गोंद डालकर भून लें। गोंद को मीडियम फ्लेम पर दबाते हुए भूनें जिससे अंदर तक भुन जाए। अब इसी कड़ाही में काजू, बादाम, अखरोट डालकर भून लें। अगर घी खत्म हो जाए तो 1 चम्मच घी डालकर सारे बीज जैसे कद्दू के बीज, खरबूज के बीज, चिरौंजी भून लें। किशमिश को भी फूलने तक भून लें और प्लेट में निकाल लें। इसी में खसखस और सफेद तिल को भी हल्का भून लें।

तीसरा स्टेप- कड़ाही में 1 बड़ी कटोरी मखाने भी भून लें। अब मखाने और काजू, बादाम, अखरोट को हल्का दरदरा पीस लें। सारे ड्राई फ्रूट्स को एक जगह रखें और मिलाते जाएं। आटा और सारे ड्राई फ्रूट्स को मिक्स कर लें। अब आटे में अपने हिसाब से गुड़ वाली शक्कर या बूरा या फिर मिश्री पाउडर मिला लें। स्वाद बढ़ाने के लिए 1 जायफल कद्दूकस कर दें। इसमें सौंठ पाउडर और काली मिर्च का पाउडर डालकर मिक्स कर लें अगर घी बहुत कम लग रहा हो तो थोड़ा ऊपर से मिला सकते हैं।

तैयार है सर्दियों में खाई जाने वाली हेल्दी आटे की पंजीरी। आप इसे रोजाना दूध के साथ या नाश्ते में ऐसे ही 2-4 चम्मच खा लें। इससे शरीर को ताकत मिलेगी और सर्दियों में आप खुद को कहीं ज्यादा हेल्दी और फिट रख पाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल