1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. इस सूखे मसाले से बनाएं एकदम चटपटी मसालेदार भिंडी, ऐसी सब्जी पहले नहीं खाई होगी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

इस सूखे मसाले से बनाएं एकदम चटपटी मसालेदार भिंडी, ऐसी सब्जी पहले नहीं खाई होगी, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

Bhindi Masala Recipe: भिंडी की सब्जी खाने में तभी स्वादिष्ट लगती है जब इसे ठीक तरीके से बनाया जाए। वैसे तो लोग अलग-अलग तरह से भिंडी की सब्जी बनाते हैं। लेकिन एक बार ये मसालेदार भिंडी की सब्जी जरूर बनाकर खाएं। खाते-खाते आपका दिल नहीं भरेगा। फटाफट नोट कर रेसिपी।

भिंडी मसाला रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : INSTA/@MY_KITCHENN_DIARIES भिंडी मसाला रेसिपी

बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को भिंडी की सब्जी का स्वाद खूब पसंद आता है। भिंडी को अगर अच्छी तरह से बनाया जाए तो इसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है। ज्यादातर घरों में प्याज लहसुन डालकर भिंडी की सब्जी बनाई जाती है। कुछ लोग कुरकुरी भिंडी खाना भी पसंद करते हैं। लेकिन आज हम आपको एकदम अलग और बेहद स्वादिष्ट मसालेदार भिंडी की सब्जी बनाना बता रहे हैं। इस सब्जी में सिर्फ कुछ सूखे मसाले ही मिलाए जाते हैं। खासतौर से इस भिंडी की सब्जी में मूंगफली का मसाला बनाया जाता है। बिना देरी किए फटाफट नोट कर लें मसालेदार भिंडी की ये रेसिपी। 

मसालेदार भिंडी की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले भिंडी को धोकर पानी सुखा लें। अगर धोने के तुरंत बाद भिंडी की सब्जी बनानी है तो इसे किसी साफ कपड़े से पोंछकर काट लें। भिंडी को आप अपनी पसंद के हिसाब से कोई भी शेप में कट कर सकते हैं। अब भिंडी के लिए स्पेशल मसाला तैयार करना है। 

दूसरा स्टेप- भिंडी का मसाला बनाने के लिए आपको लेनी होगी 1 छोटी कटोरी भुनी हुई मूंगफली और उसका छिलका हटाकर मिक्सी के जार में डाल दें। इसमें 2 बड़े चम्मच सफेद तिल मिला दें। 2 बड़े चम्मच नारियल का पाउडर मिक्स कर दें। करीब 6-7 करी पत्ता डालें। आधा चम्मच जीरा और आधा चम्मच सौंफ मिला दें। मसाले में आधा चम्मच पिसी हल्दी पाउडर, एक चम्मच पिसा धनिया, आधा चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर और आधा चम्मच आमचूर पाउडर डालें।

तीसरा स्टेप- सारी चीजों को बिना पानी के ऐसे ही सूखा मिक्सी में ग्राइंड कर लें। एक हल्का दरदरा पाउडर बनाकर तैयार करना है। इसी पाउडर से भिंडी की सब्जी में एकदम अलग और चटपटा स्वाद आएगा।

चौथा स्टेप-अब एक कड़ाही में 2-3 बड़े चम्मच सरसों का तेल डालें। तेल गर्म होने पर इसमें जीरा डालें और फिर कटी हुई भिंडी डाल दें। अब भिंडी को ऐसे ही थोड़ी देर कवर करके और फिर थोड़ा खोलकर पकाएं। भिंडी लगभग जब पक जाए तो इसमें तैयार किया हुआ पूरा मसाला मिला दें। अब भिंडी को थोड़ा और फ्राई जैसा कर लें। तैयार है स्वादिष्ट और एकदम मसालेदार भिंडी की सब्जी। आप इसे पराठे के साथ गर्मागरम खाएं।

 

Latest Lifestyle News