1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. कन्या पूजन के लिए ऐसे बनाएं मुंह में घुल जाने वाला सूजी का हलवा, बच्चे दोबारा मांगकर खाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

कन्या पूजन के लिए ऐसे बनाएं मुंह में घुल जाने वाला सूजी का हलवा, बच्चे दोबारा मांगकर खाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

 Written By: Bharti Singh @bhartinisheeth
 Published : Sep 30, 2025 08:28 am IST,  Updated : Sep 30, 2025 08:28 am IST

Suji Halwa Recipe: नवरात्रि में कन्या पूजन के लिए खासतौर से सूजी का हलवा बनाया जाता है। इस ट्रिक से सूजी का हलवा बनाएंगे तो मिनटों में तैयार हो जाएगा। बच्चों को सबसे ज्यादा पसंद आएगा आपके घर का प्रसाद। फटाफट नोट कर लें रेसिपी।

सूजी का हलवा रेसिपी- India TV Hindi
सूजी का हलवा रेसिपी Image Source : INDIA TV

नवरात्रि में अष्टमी और नवमीं के दिन कन्या पूजन किया जाता है। घर में कन्याओं को बुलाकर भोजन कराया जाता है। इस दिन ज्यादातर घरों में हलवा, पूरी और चने बनाए जाते हैं। माता को भी हलवा का पूरी का भोग लगाया जाता है। इसे खाने को कन्याओं और लांगुर को खिलाया जाता है। प्रसाद वाला हलवा बहुत टेस्टी बनता है। इसका स्वाद ही अलग होता है, लेकिन फिर भी कुछ लोगों का हलवा बहुत सूखा या चिपचिपा बनता है। आज हम आपको सूजी का हलवा बनाने की परफेक्ट और बड़ी आसान रेसिपी बता रहे हैं। एक बार इस तरह हलवा बनाएंगे तो बच्चे मांग मांगकर खाएंगे। इस रेसिपी से सूजी का हलवा एकदम खिला-खिला और स्वादिष्ट बनेगा। फटाफट नोट कर लें सूजी के हलवा की आसान रेसिपी।

सूजी का हलवा बनाने की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले आप अपने हिसाब से सूजी ले लें। हम यहां 250 ग्राम सूजी का हलवा बनाने जा रहे हैं। सूजी को छानकर साफ कर लें। अब सूजी के बराबर ही आपको चीनी लेनी है। आप किसी कटोरी से भी दोनों चीजें नाप सकते हैं। सूजी का हलवा देसी घी में बनाने से अलग ही स्वाद और खुशबू आती है। हलवा बनाने के लिए करीब 200 ग्राम देसी घी ले लें। आप घी की मात्रा कम भी कर सकते हैं।

दूसरा स्टेप- अब कड़ाही में सूजी डालकर हल्की आंच पर चलते हुए 8-10 मिनट के लिए भून लें। अब सूजी में आधे से ज्यादा घी डालें और 2-3 मिनट के लिए और भून लें। सूजी का रंग हल्का सुनहरा हो जाना चाहिए। दूसरी ओर गैस पर एक पैन में चीनी और सूजी का तीन गुना पानी रख दें और चाशनी बना लें। आपको सिर्फ चीनी के पानी में घुलने तक ही इसे पकाना है और इसी वक्त पिसी हुई इलाइची का पाउडर डाल दें।

तीसरा स्टेप- तैयार की गई चाशनी को भुनी हुई सूजी में आधा डाल दें और सूजी को मिक्स करते हुए चलाएं। बची हुई चाशनी को भी सूजी में मिला दें और गैस की फ्लेम कम कर दें। अब सूजी को फूलने तक आपको बीच-बीच में चलाते हुए हलवा को पकाना है। जब हलवा गाढ़ा हो जाए तो गैस बंद कर दें। आप हलवा को अपने हिसाब से गाढ़ा या पतला रख सकते हैं।

अगर आपको केसर पसंद है तो चाशनी बनाते वक्त थोड़ी भीगी हुई केसर डाल दें। लो जी बनकर तैयार हो गया है एकदम टेस्टी सूजी का हलवा, इसे आप पसंदीदा मेवा डालकर सर्व कर सकते हैं। बच्चों को ये हलवा सबसे ज्यादा पसंद आएगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल