A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. बनाएं इमली की खट्टी-मीठी चटनी, बेहद आसान है रेसिपी, चखते ही आ जाएगा मजा

बनाएं इमली की खट्टी-मीठी चटनी, बेहद आसान है रेसिपी, चखते ही आ जाएगा मजा

Imli ki chutney: क्या आपको इमली की खट्टी-मीठी चटनी खाना पसंद है? अगर हां, तो आपको पोषक तत्वों से भरपूर इमली की चटनी की बेहद आसान रेसिपी को जरूर ट्राई करके देखना चाहिए।

इमली की चटनी- India TV Hindi
Image Source : KANAK'S KITCHEN/YT इमली की चटनी

इमली की खट्टी-मीठी चटनी को खाने की किसी भी चीज के साथ सर्व किया जा सकता है। इमली की चटनी में पोषक तत्वों की मात्रा भी पाई जाती है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि इमली की खट्टी-मीठी चटनी बनाने के लिए आपको 100 ग्राम इमली, 150 ग्राम गुड़, 50 ग्राम चीनी, एक टी स्पून भुना हुआ जीरा पाउडर, एक टी स्पून लाल मिर्च पाउडर, एक टी स्पून काला नमक और स्वाद अनुसार सादे नमक की जरूरत पड़ेगी। आइए स्टेप बाई स्टेप इमली की चटनी बनाने के तरीके के बारे में जानते हैं।

पहला स्टेप- सबसे पहले इमली को अच्छी तरह से धोकर पानी में लगभग 2 घंटे के लिए भिगोकर रख दीजिए। इमली को पानी में भिगोने से इमली फूल जाती है।

दूसरा स्टेप- इसके बाद आपको इमली के मसाले और गूदे को छान लेना है जिससे इमली के बीज और रेशे निकल जाएं।

तीसरा स्टेप- अब गैस ऑन करके कढ़ाई रख दीजिए। कढ़ाई में इमली का पल्प और गुड़ डालकर इसे पकने दीजिए।

चौथा स्टेप- इसके बाद मिश्रण में काला नमक, लाल मिर्च पाउडर, जीरा पाउडर, सादा नमक और चीनी को अच्छी तरह से मिक्स कर लीजिए।

पांचवां स्टेप- आपको चटनी को तब तक पकाना है, जब तक ये गाढ़ी न हो जाए। जब चटनी उंगली और अंगूठे के बीच चिपकते हुए तार बनाने लगे, तब समझ जाइए कि चटनी पक चुकी है।

छठा स्टेप- इमली की चटनी पक जाए, तो गैस बंद कर दीजिए और इसे थोड़ी देर ठंडा होने दीजिए।

जब इमली की चटनी ठंडी हो जाए, तब आप इसे किसी भी साफ-सूखे कांच के कंटेनर में भरकर रख सकते हैं। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि लगभग 6 महीनों तक इस चटनी को फ्रिज में स्टोर करके रखा जा सकता है। महज आधे घंटे के अंदर इमली की खट्टी-मीठी चटनी सर्व करने के लिए तैयार हो जाएगी। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को इमली की खट्टी-मीठी चटनी का स्वाद काफी ज्यादा पसंद आएगा। आप दही बड़े, रोटी, पराठे, समोसे या फिर खाने की किसी भी चीज के साथ इमली की चटनी को सर्व कर इसके टेस्ट का लुत्फ उठा सकते हैं।

 

Latest Lifestyle News