1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. होटल स्टाइल में बनाना है फूले फूले दही कबाब तो आज़मा लें ये ट्रिक्स, खाने में आ जाएगा स्वाद, नोट करें रेसिपी

होटल स्टाइल में बनाना है फूले फूले दही कबाब तो आज़मा लें ये ट्रिक्स, खाने में आ जाएगा स्वाद, नोट करें रेसिपी

अगर आप भी फूले फूले और सॉफ्ट दही कबाब नहीं बना पाते हैं तो इन ट्रिक्स को फॉलो करें, इससे आप घर पर आसानी से यह रेसिपी बना पाएंगे

दही कबाब रेसिपी- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE - @SANJEEV KAPOOR KHAZANA दही कबाब रेसिपी

दही के कबाब खाने में बेहद स्वादिष्ट लगते हैं। अगर एक बार इसके ज़ायके का स्वाद जुबां को लग जाए तो लोग इसे रेस्टोरेंट से मंगा मंगाकर खाते हैं। ऊपर से क्रिस्पी और अंदर से मुलायम और फूले फूले दही के कबाब को बनाना बेहद आसान है। हालांकि, कई लोग इसे बनाते समय कुछ गलतियां कर देते हैं जिससे यह फुला हुआ और मुलायम नहीं बन पाता है या कई बार इसका मिश्रण तेल में ही फट जाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो चलिए जानते हैं इस रेसिपी को रेस्टोरेंट स्टाइल में कैसे बनाएं? ताकि यह सॉफ्ट बने और तेल में फटे भी नहीं?

दही का कबाब बनाने के लिए सामग्री

दही एक किलो, तेल आधा कप, प्याज़ 1, काजू 8-10, पनीर 50 ग्राम, प्रोसेस्ड चीज़ एक क्यूब, किशमिश 2 चम्मच, अदरक - हरी मिर्च, जीरा पाउडर आधा चम्मच, काला नमक स्वाद अनुसार, चाट मसाला आधा चम्मच, ब्रेडक्रंब्स

कैसे बनाएं दही के कबाब?

  • दही का कबाब बनाने के लिए, सबसे पहले हंग कर्ड बना लें। हंग कर्ड बनाने के लिए इसे एक कॉटन के कपड़े में डालकर पानी अच्छी तरह से छान लें और फिर टांगकर रख दें। इसे कम से कम दो से तीन घंटे के लिए टांगे। इससे सारा पानी आसानी से निकल जाएगा। यह स्टेप फॉलो करने से दही के कबाब फूले फूले और सॉफ्ट बनते हैं क्योंकि इसका सारा पानी निकल चुका होता है। 

  • अब, प्याज़ को सुनहरा होने तक डीप फ्राई करें। उसी तेल में काजू को हल्का सुनहरा होने तक भूनें। जब काजू और प्याज़ ठंडे हो जाएं, तो उन्हें एकदम बारीक काट लें और हंग कर्ड में डालें। अब इसमें पनीर, प्रोसेस्ड चीज़, किशमिश, अदरक हरी मिर्च का पेस्ट, हरा धनिया, जीरा पाउडर, काला नमक और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह से मिलाएं।

  • अगर मिश्रण में अच्छी बाइंडिंग नहीं है तो तलते समय अक्सर यह फट जाते हैं। इसलिए अगर आपके मिश्रण में बाइंडिंग नहीं है तो आप इसमें ब्रेडक्रंब भी मिला सकते हैं। ब्रेडक्रंब डालने से इसका शेप एकदम गोल और अच्छी तरह से बनता है। मिश्रण को गोल आकार दें, फिर धीरे से दबाकर थोड़ा चपटा कर लें। उसके बाद कबाब को ब्रेडक्रंब से अच्छी तरह से कोट करें।

  • अब गैस ऑन कर आप कड़ाही रखें और उसमें तेल डालें। मीडियम आंच पर कबाब को सुनहरा होने तक तलें और फिर बाहर निकाल लें। आपका होटल स्टाइल दही के कबाब बनकर तैयार हैं, इन्हें हरी चटनी के साथ गरमा-गरम परोसें।

Latest Lifestyle News