कढ़ी बनाना लोगों को बड़ा मुश्किल काम लगता है। जबकि कढ़ी को बनाना सबसे आसान है। अगर आपको कढ़ी में सही तड़का लगाना आता है और इसे कितनी देर पकाना ये पता है तो कढ़ी लाजवाब बनेगी। कुछ लोगों की शिकायत होती है कि मम्मी और दादी जैसी कढ़ी नहीं बन पाती है वो स्वाद नहीं आता है। इसलिए हम आपके लिए मम्मी और दादी वाले सीक्रेट लेकर आए हैं जो कढ़ी के स्वाद को कई गुना बढ़ा देते हैं। स्टेप-बाय-स्टेप जान लें कढ़ी बनाने की ये आसान रेसिपी।
कढ़ी बनाने की रेसिपी
पहला स्टेप- कढ़ी बनाने के लिए आपको थोड़ा खट्टा वाला दही लेना होगा। आप चाहें तो छाछ भी ले सकते हैं। अगर दही लिया है तो उसे ब्लैंड करके छाछ जैसा थोड़ा पतला कर लें। अब एक बाउल में 3-4 बड़े चम्मच भरकर बेसन डालें और थोड़ा पानी डालते हुए घोल बना लें। इस बेसन के घोल को छाछ या पतली की गई दही में मिक्स कर दें। इसे एक तरफ रख दें।
दूसरा स्टेप- अब पकोड़े बनाने के लिए एक बाउल में 3-4 चम्मच बेसन लें और इसमें पानी डालकर पकोड़े जैसा घोल बना लें। पकोड़े के लिए बेसन को लगातार कुछ मिनट के लिए फेंटते रहें। 1-2 बूंद बेसन का घोल पानी में डालकर चेक करें अगर ऊपर तैरने लगे तो समझ लें बेसन पकोड़े के लिए तैयार है। बेसन में थोड़ा नमक और 1 चुटकी लाल मिर्च डालकर पकोड़े सेंक लें। कढ़ी में प्लेन पकोड़े ज्यादा टेस्टी लगते हैं। आप चाहें तो इसमें हरा धनिया और बारीक कटा प्याज भी मिक्स कर सकते हैं। सारे पकोड़े तल लें।
तीसरा स्टेप- अब कड़ाही में 2 चम्मच सरसों का तेल डालें। इसमें जीरा, साबुत खड़ा धनिया, राई के दाने, हींग, करी पत्ता और सूखी लाल मिर्च डालें। अब कढ़ी में लहसुन और बारीक कटा प्याज डालें। प्याज ऑप्शनल है लेकिन लहसुन का स्वाद कढ़ी में बहुत अच्छा लगता है। लहसुन प्याज को हल्का भून लें और इसमें 1 बड़ी चम्मच हल्दी डालकर तुरंत ही दही और बेसन को घोल को कड़ाही में डाल दें। कढ़ी को लगातार चलाते रहें। गैस की फ्लेम हाई कर दें और कढ़ी को लगातार चलाते रहें।
चौथा स्टेप- अब कढ़ी में और पानी डाल दें। अगर आप 400 ग्राम दही से कढ़ी बना रहे हैं तो इसमें 3 गिलास पानी तो कम से कम डालें। शुरुआत में कढ़ी एकदम पानी जैसी होनी चाहिए। एक उबाल आने के बाद गैस को मीडियम फ्लेम पर कर दें। अब कढ़ी को करीब 40-45 मिनट के लिए खोलकर पकाते रहें। बीच-बीच में चलाते रहें और फिर इसमें नमक और तैयार किए पकोड़े डाल दें। अब कढ़ी को 10-15 मिनट के लिए और पकाएं।
पांचवां स्टेप- ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया डाल दें। तैयार है एकदम स्वादिष्ट कढ़ी। अब सर्व करने से पहले एक कलछी में 2 चम्मच देसी घी डालें। इसमें लाला मिर्च का पाउडर और सूखी लाल मिर्च डालकर ऊपर से कढ़ी में डाल दें। क्या मस्त स्वाद आएगा।
Latest Lifestyle News