1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. ऐसे बनाएं ढाबा स्टाइल कढ़ाई पनीर, खाने वाले 2 रोटी ज्यादा खा जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

ऐसे बनाएं ढाबा स्टाइल कढ़ाई पनीर, खाने वाले 2 रोटी ज्यादा खा जाएंगे, फटाफट नोट कर लें रेसिपी

ढाबे की सब्जियों का स्वाद ही अलग होता है। कुछ खास मसाले और ग्रेवी सब्जी को स्वादिष्ट बना देते हैं। आज हम आपको ढाबा स्टाइल कढ़ाई पनीर बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। फटाफट नोट कर लें।

ढाबा स्टाइल कढ़ाई पनीर- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV ढाबा स्टाइल कढ़ाई पनीर

कढ़ाई पनीर रोटी और पराठे के साथ सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली सब्जी है। ज्यादातर लोग होटल या ढाबे पर कढ़ाई पनीर ऑर्डर करते हैं। ढाबे पर मिलने वाली कढ़ाई पनीर का स्वाद ही अलग होता है। इसकी ग्रेवी और मसाला दोनों ही खास होता है। आप चाहें तो घर में ढ़ाबा स्टाइल कढ़ाई पनीर बनाकर खा सकते हैं। इसके लिए हम आपको एक खास रेसिपी बता रहे हैं। ये ग्रेवी आप तैयार करके हफ्तेभर के लिए फ्रिज में भी रख सकते हैं। फटाफट नोट कर लें ढाबा स्टाइल कढ़ाई पनीर की रेसिपी।

ढाबा स्टाइल कढ़ाई पनीर रेसिपी 

पहला स्टेप- सब्जी को बनाने के लिए 10-12 लहसुन की कलियां छीलकर इस्तेमाल करें। अब एक कड़ाही में तेल 1 बड़ा चम्मच तेल गर्म करें और उसमें लहसुन की कलियां डाल दें। अब तेल में आधा इंच अदरक का टुकड़ा छीलकर काटकर डाल दें। तेल में 8-10 काजू डाल दें। जब लहसुन, अदरक और काजू हल्का भुन जाएं तो इसमें 1 प्याज मोटा काट कर डाल दें। जब प्याज हल्की भुन जाए तो इसमें 2-3 टमाटर मोटा-मोटा काटकर डाल दें। टमाटर भी जब पक जाए तो गैस बंद करके इसे ठंडा होने दें। अब तैयार मसाले को मिक्सी में डासकर बारीक पीस लें। 

दूसरा स्टेप- अब कढ़ाई पनीर मसाला बनाने के लिए 4 सूखी लाल मिर्च को मिक्सर में डालें। इसमें 1 चम्मच जीरा, 1 चम्मच सूखा धनिया, 2-3 लौंग, आधा चम्मच काली मिर्च, 1 छोटा दाल चीनी टुकड़ा, आधा चम्मच सौंफ, थोड़ी कसूरी मेथी और थोड़ा सा जायफल डालकर मिक्सी में पीसकर तैयार कर लें। अब कड़ाही में 2 बड़े चम्मच तेल डालें और इसमें पनीर को काटकर हल्का फ्राई कर लें। पनीर को हल्का सुनहरा होने पर निकाल लें। 

तीसरा स्टेप- बचे हुए तेल में 2 तेज पत्ता डालें। अब तेल में 1 प्याज और 1 शिमला मिर्च बड़े टुकड़ों में काटकर हल्का सोते कर लें। प्याज और शिमला मिर्च को साइड कर दें और इसमें तैयार किया पूरा कढ़ाई मसाला डाल दें। मसाले में कश्मीरी लाल मिर्च और थोड़ी हल्दी डाल दें। मसाले को हल्का ही भूनना है। अब इसमें तैयार किया काजू और प्याज लहसुन वाला मसाला डालकर थोड़ी देर भूनें। क्योंकि मसाला पहले से भुना है तो ज्यादा न भूनें।

चौथा स्टेप- मसाला भुन जाए तो इसमें पनीर डालें और ऊपर से 2-3 हरी मिर्च को लंबाई में कट करके डाल दें। सब्जी में अपने हिसाब से गर्म पानी मिलाकर ग्रेवी तैयार करें। इसमें नमक डालकर 5 मिनट के लिए धीमी आंच पर पकाएं। ऊपर से ताजा मलाई को फेंटकर या फ्रेश क्रीम डालकर सब्जी में हरा धनिया मिला दें। 1 मिनट के लिए और पकाएं। अब गैस बंद करके 5 मिनट के लिए सब्जी को ढककर छोड़ दें। तैयार है एकदम स्वादिष्ट कढ़ाई पनीर, इसे आप रोटी या पराठे के साथ खाएं।

 

Latest Lifestyle News