1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. मक्के की रोटी बनाना नहीं आता तो बनाएं मक्के के आटे का चीला, बिना फटे-टूटे एकदम गोल बनेंगे

मक्के की रोटी बनाना नहीं आता तो बनाएं मक्के के आटे का चीला, बिना फटे-टूटे एकदम गोल बनेंगे

 Written By: Bharti Singh
 Published : Sep 11, 2026 02:26 pm IST,  Updated : Sep 11, 2026 02:26 pm IST

मक्के की रोटी खाने में बहुत टेस्टी लगती हैं, लेकिन हर कोई इन्हें आसानी से नहीं बना पाता। अगर आपसे भी मक्के की रोटी नहीं बनती, तो इसकी जगह मक्के के आटे से चीला बनाकर खा सकते हैं। बिना फटे-टूटे एकदम गोल मक्के का चीला बनकर तैयार हो जाएगा।

मक्के के आटे का चीला - India TV Hindi
मक्के के आटे का चीला Image Source : INDIA TV

मक्के का आटा सेहत के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन मक्के की रोटी बनाना सभी को नहीं आता। इसलिए लोग मक्के की रोटी बनाकर खाने से बचते हैं। ऐसे में हम आपको आज मक्के की रोटी बनाने की बजाय मक्के के आटे से चीला बनाने की रेसिपी बता रहे हैं। बिना फटे-टूटे मक्के के आटे का चीला एकदम गोल और आसानी से बन जाएगा। आप इसे अपनी पसंदीदा सब्जी या चटनी के साथ खा लें। मक्के की रोटी वाले सारे फायदे आपको इसमें मिल जाएंगे। आइये जानते हैं मक्के के आटे का चीला बनाने की रेसिपी।

मक्के के आटे से चीला बनाने की रेसिपी

पहला स्टेप- मक्के के आटे से बहुत ही क्रिस्पी और स्वादिष्ट चीला बनकर तैयार होता है। इसके लिए एक बड़ा बाउल लें और उसमें 1 छोटी कटोरी मक्के का आटा डालें। मक्के का आटा ग्लूटेन फ्री होता है। इसलिए इसे वो लोग भी खा सकते हैं। जिन्हें ग्लूटन से एलर्जी है या किसी कारण से ग्लूटन नहीं खाते हैं।

दूसरा स्टेप- अब मक्के के आटे में थोड़ा नमक, पिसी लाल मिर्च, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, हींग, थोड़ा अदरक लहसुन का पेस्ट, बारी कटा हरी मिर्च, बारीक कटा हरा धनिया और हाथ से क्रश की हुई थोड़ी अजवाइन डालें। सारी चीजों को सूखा ही मिक्स कर लें।

तीसरा स्टेप- अब बैटर बनाने के लिए मक्के के आटे में गर्म पानी डालें। आपको पानी थोड़ा-थोड़ा करके डालना है क्योंकि मक्के का आटा पानी बहुत सोखता है। अब पानी डालते जाएं और एक स्मूद चीला बनाने जैसा घोल बनाकर रेडी कर लें। ध्यान रखें घोल बनाते वक्त आटे में गांठ नहीं बचनी चाहिए। 

चौथा स्टेप-अब तैयार किए हुए मक्के के आटे के घोल को 10 मिनट के लिए ढककर रख दें। अगर घोल गाढ़ा लगे तो चीला बनाने से पहले थोड़ा और पानी मिला दें। गैस पर तवा गर्म करें और उसे पहले हल्का ग्रीस कर लें। इससे चीला चिपकेगा नहीं और आसानी से पलट जाएगा।

पांचवां स्टेप- तवा गर्म हो जाए तो गैस को मीडियम फ्लेम पर कर दें और तैयार मक्के के आटे के बैटर में से 1-2 कलछी तवे पर डालकर फैला दें। चीला आप अपने हिसाब से बड़ा या छोटा बना सकते हैं। अब चीला को धीमी आंच पर 4-5 मिनट तक पकने दें। साइड्स में थोड़ा ऑयल लगा दें जिससे चीला आसानी से पलट जाता है।

छठा स्टेप- अब सेंकने के बाद चीला को पलटकर चाहें तो दूसरी साइड से सेंक लें या फिर एक तरफ से सेंका हुआ चीला भी खा सकते हैं। ये काफी क्रिस्पी और स्वादिष्ट बनता है। आप इसे हरी चटनी या सॉस के साथ या फिर किसी सब्जी के साथ खा सकते हैं।

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Recipes से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लाइफस्टाइल