बारिश के मौसम में लोगों का कुछ चटपटा खाने का मन करता है। खासकर सुबह ब्रेकफास्ट में लोग टेस्टी और हेल्दी दोनों ही चीजें ढूंढते हैं। लेकिन सुबह की भागदौड़ में लोगों को समझ नहीं आता कि क्या बनाया जाए। अगर आपकी भी यही समस्या है तो घबराने की जरूरत नहीं है। सुबह की भागदौड़ में जब समझ न आए कि नाश्ते में क्या बनाया जाए, जो टेस्टी भी हो और जल्दी भी बन जाए, तो मसाला ब्रेड पोहा एक बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है। अगर आपके घर में ब्रेड बची हुई है, तो आप सिर्फ 10 से 15 मिनट में यह लाजवाब नाश्ता तैयार कर सकते हैं। बच्चे हों या बड़े, यह चटपटा और क्रिस्पी नाश्ता हर किसी को बेहद पसंद आता है। यहां हम आपके लिए मसाला ब्रेड पोहा की सिंपल रेसिपी लेकर आए हैं। यहां से नोट करें रेसिपी।
सामग्री
- ब्रेड स्लाइस: 5-6 (व्हाइट या ब्राउन, छोटे टुकड़ों में कटी हुई)
- बारीक कटा प्याज: 1 मध्यम आकार का
- बारीक कटा टमाटर: 1 छोटा
- हरी मिर्च: 1-2 (बारीक कटी हुई)
- करी पत्ता: 7-8
- राई (सरसों के दाने): 1 छोटा चम्मच
- हल्दी पाउडर: 1/4 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर: 1/2 छोटा चम्मच
- चाट मसाला: 1/2 छोटा चम्मच
- मूंगफली के दाने: 2 बड़े चम्मच (रोस्टेड)
- हरा धनिया: बारीक कटा हुआ
- तेल या घी: 2 बड़े चम्मच
- नमक: स्वादानुसार
- नींबू का रस: 1 चम्मच
बनाने का तरीका
स्टेप 1: सबसे पहले ब्रेड स्लाइस को छोटे-छोटे चौकोर क्यूब्स में काट लें। आप चाहें तो इन्हें तवे पर बिना तेल के थोड़ा सेक सकते हैं ताकि ब्रेड हल्की क्रिस्पी हो जाए।
स्टेप 2: एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। तेल गर्म होने पर इसमें राई और करी पत्ता डालें। जब राई चटकने लगे, तो इसमें कटी हुई हरी मिर्च और प्याज डालकर हल्का गुलाबी होने तक भूनें।
स्टेप 3: अब इसमें कटे हुए टमाटर डालें और गलने तक पकाएं। इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च पाउडर और स्वादानुसार नमक डालकर मसालों को अच्छी तरह मिला लें।
स्टेप 4: मसाला भुन जाने के बाद, इसमें कटे हुए ब्रेड के टुकड़े और रोस्टेड मूंगफली डालें। हल्के हाथों से चलाएं ताकि मसाला ब्रेड पर अच्छी तरह कोट हो जाए। इसे धीमी आंच पर 2 मिनट के लिए पकने दें।
स्टेप 5: गैस बंद करने से पहले ऊपर से चाट मसाला और नींबू का रस निचोड़ें। फिर इसे सर्व करें और बारिश के मौसम में इसका आनंद लें।
Latest Lifestyle News