A
  1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. दही वड़ा को रुई से भी नरम बना देंगी ये टिप्स, दाल पीसते वक्त डाल दें ये चीज, घंटों फेंटने की नहीं पड़ेगी जरूरत

दही वड़ा को रुई से भी नरम बना देंगी ये टिप्स, दाल पीसते वक्त डाल दें ये चीज, घंटों फेंटने की नहीं पड़ेगी जरूरत

Trick To Make Soft Dahi Vada: दही वड़ा खाना सभी को पसंद होता है। चटनी और दही का खट्टा मीठा स्वाद और उसके साथ नरम-नरम दाल के वड़े खाने के स्वाद को कई गुना बढ़ा देते हैं। अगर आपके वड़ा कड़े बनते हैं तो मुलायम बनाने के लिए ये टिप्स जरूर अपना लें।

मुलायम दही वड़ा कैसे बनाएं- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK मुलायम दही वड़ा कैसे बनाएं

घर में त्योहार हो या कोई मेहमान आने वाला हो, लोग दही वड़ा बना लेते हैं। घर में बहुत कम दाल से पूरे घर के लिए टेस्टी दही वड़ा बनाए जा सकते हैं। लेकिन कुछ लोगों की शिकायत होती है कि उनके वड़ा सख्त हो जाते हैं। वड़ा बाजार जैसे मुलायम नहीं बनते हैं। कई बार वड़ा में अदर गांठ रह जाती है। जो स्वाद को फीका कर देती है। अगर आप इन समस्याओं से परेशान हैं तो वड़ा को मुलायम बनाने के लिए ये ट्रिक अपना लें। दाल को पीसते वक्त ही थोड़े भीगे हुए चावल या चावल का आटा मिक्स कर दें। इससे दही वड़ा रुई जैसे मुलायम बनेंगे और मुंह में रखते ही घुल जाएंगे।

मुलायम दही वड़ा कैसे बनाएं

टिप्स 1- बाजार में मिलने वाले दही वड़ा को एक खास ट्रिक के साथ बनाया जाता है। जिससे वड़ा एकदम सॉफ्ट और मुंह में घुलने वाले बनते हैं। इसके लिए आप उड़द की दाल के साथ ही थोड़े चावल भी पानी में भिगो दें।

टिप्स 2- अब दाल को पीसते वक्त चावल भी साथ में ही पीस लें। अगर आप 1 कप उड़द की दाल ले रहे हैं तो आधा कप से थोड़ा कम चावल डालकर सोक कर लें। अब दोनों चीजों को मिलाकर पीस लें और स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। दाल में बहुत कम पानी डालकर ही पीसना है।

टिप्स 3- अब दाल और चावल के घोल को थोड़ी देर के लिए फेंट लें और फिर  वड़ा तलते वक्त घोल में आधा छोटी चम्मच बेकिंग पाउडर डाल दें। अब सारे वड़ा तल लें। तेल में डालते ही वड़ा एकदम फूल जाएंगे।

टिप्स 4- तले हुए वडा को तुरंत ही गुनगुने पानी में डालते जाएं। इससे वड़ा एकदम मुलायम बनेंगे और सारा पानी निकल जाएगा। जिस पानी में फ्राई किए हुए वड़ा डाल रहे हैं उसमें आधा चम्मच नमक भी मिला दें। 

यकीन मानिए इस ट्रिक से जब आप दही वड़ा बनाएंगे तो बाजार से भी मुलायम दही वड़ा बनकर तैयार होंगे। आप इन्हें दही, मीठी चटनी और हरी चटनी के साथ सर्व करें। दही वड़ा के ऊपर भुना जीरा और थोड़ी लाल मिर्च डाल दें। इससे स्वाद और बढ़ जाएगा।
 

 

Latest Lifestyle News