1. Hindi News
  2. लाइफस्टाइल
  3. ज़ायक़ा
  4. होटल जैसी दाल की खिचड़ी कुकर में हो जाएगी तैयार, नोट करें स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस

होटल जैसी दाल की खिचड़ी कुकर में हो जाएगी तैयार, नोट करें स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस

दाल की खिचड़ी हल्की और स्वाद में लाजवाब लगती है। जब भी कुछ आराम से पचने वाला खाने का मन करे, तो दाल की खिचड़ी एक बेहतरीन विकल्प है। चलिए जानते हैं होटल स्टाइल खिचड़ी कुकर में कैसे बनाएं?

दाल की खिचड़ी- India TV Hindi
Image Source : YOUTUBE - @SUVIDHA NET RASOI दाल की खिचड़ी

आपने अक्सर होटल या रेस्टोरेंट में मिलने वाली खिचड़ी का स्वाद चखा होगा, लेकिन क्या आप जानते हैं कि इसे घर पर भी आसानी से बना सकते हैं? इसके लिए आपको घंटों मेहनत करने की जरूरत नहीं है। आइए जानते हैं होटल जैसी दाल की खिचड़ी बनाने की विधि।

खिचड़ी के लिए सामग्री

  • बासमती चावल 1 कप, तुअर दाल आधा कप, मूंग दाल आधा कप, पानी 6 कप, हल्दी पाउडर आधा चम्मच, एक हरी मिर्च, एक चम्मच घी, गर्म पानी

  • तड़का के लिए सामग्री: दो मीडियम साइज़ के प्याज, लहसुन 10-12 लौंग, अदरक 2 इंच, हरी मिर्च दो, एक मीडियम आकार का टमाटर, जीरा 2 चम्मच, लाल मिर्च 2-3, हींग आधा चम्मच, स्वादानुसार नमक, हल्दी पाउडर 1 टीएसपी, काली मिर्च पाउडर 2 चम्मच, धनिया पाउडर 1 बड़ा चम्मच, गरम मसाला एक चुटकी, भुनी कसूरी मेथी पाउडर एक बड़ी चुटकी, नींबू का रस एक चम्मच, हरा धनिया एक मुट्ठी

खिचड़ी बनाने का तरीका

  • पहला स्टेप: सबसे पहले चावल, तूर दाल और मूंग दाल को एक साथ धोएं, फिर उन्हें 15-20 मिनट के लिए भिगो दें। अब, एक प्रेशर कुकर में भीगी हुई दाल और चावल, पानी, हल्दी पाउडर, हरी मिर्च और घी डालें। प्रेशर कुकर में पकने के बाद, गैस बंद कर दें। जब गैस निकल जाए तब थोड़ा गर्म पानी डालें और धीरे-धीरे मिलाएं, ताकि खिचड़ी की कंसिस्टेंसी सही हो जाए।

  • दूसरा स्टेप: जब तक खिचड़ी पक रही है, एक चॉपर में प्याज, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर बारीक काट लें। इसे एक कटोरे में निकाल लें। अब, एक पैन में घी डालें। जब घी गर्म हो जाए, तो जीरा, सूखी लाल मिर्च और हींग डालें और उन्हें चटकने दें। अब कटा हुआ प्याज डालें और सुनहरा होने तक भूनें। जब प्याज का रंग बदलने लगे, तो इसमें टमाटर, नमक, हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और थोड़ा सा गर्म पानी डालें।

  • तीसरा स्टेप: अब, इस तड़के को खिचड़ी में डालें और अच्छी तरह मिला लें। अब ऊपर से भुनी हुई कसूरी मेथी का पाउडर, नींबू का रस और ताज़ा हरा धनिया डालें। अच्छी तरह मिलाएं।  स्वादिष्ट खिचड़ी प्रेशर कुकर में तैयार है। इसे पापड़ और अचार के साथ गरमागरम परोसें।

 

Latest Lifestyle News