1. Hindi News
  2. पैसा
  3. बिज़नेस
  4. टाटा मोटर्स ने बनाया 20% मार्केट शेयर का मास्टर प्लान, AI और नई कारें बदल देंगी पूरा खेल

टाटा मोटर्स ने बनाया 20% मार्केट शेयर का मास्टर प्लान, AI और नई कारें बदल देंगी पूरा खेल

भारत की दिग्गज ऑटो कंपनी टाटा मोटर्स अब पैसेंजर व्हीकल बाजार में अपनी हिस्सेदारी को और मजबूत करने की तैयारी में है। कंपनी ने मौजूदा 14.2% मार्केट शेयर को बढ़ाकर 20% तक पहुंचाने का बड़ा लक्ष्य तय किया है।

टाटा मोटर्स ने 20%...- India TV Hindi
Image Source : OFFICIAL WEBSITE टाटा मोटर्स ने 20% मार्केट शेयर का रखा बड़ा लक्ष्य

भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में टाटा मोटर्स अब और बड़ी छलांग लगाने की तैयारी में है। कंपनी ने आने वाले वर्षों में पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में अपनी हिस्सेदारी 14.2% से बढ़ाकर 20% करने का लक्ष्य तय किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), नई कारों की लॉन्चिंग और आधुनिक तकनीकों पर बड़े लेवल पर निवेश कर रही है। टाटा मोटर्स का मानना है कि नई टेक्नोलॉजी और मजबूत प्रोडक्ट लाइनअप कंपनी को बाजार में और मजबूत बनाएगा।

टाटा मोटर्स के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कंपनी की वार्षिक आम बैठक (AGM) में बताया कि पिछले छह वर्षों में कंपनी ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस दौरान पैसेंजर व्हीकल मार्केट में कंपनी की हिस्सेदारी 4.2% से बढ़कर 14.2% हो गई है। वहीं, कोरोना महामारी के बाद कंपनी की कारों की बिक्री करीब पांच गुना और रेवेन्यू छह गुना तक बढ़ा है। यह टाटा मोटर्स के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

AI पर बड़ा निवेश, हर स्तर पर होगी नई तकनीक का इस्तेमाल

चंद्रशेखरन ने कहा कि कंपनी अब अपने पूरे वैल्यू चेन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल बढ़ा रही है। AI की मदद से मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन, ग्राहक सेवाओं और नई कारों के विकास को और बेहतर बनाया जाएगा। कंपनी का मानना है कि भविष्य की ऑटो इंडस्ट्री में AI सबसे बड़ी भूमिका निभाएगा और इससे ग्राहकों को भी बेहतर अनुभव मिलेगा।

नेक्सॉन और पंच की मजबूत पकड़

टाटा मोटर्स की लोकप्रिय SUV नेक्सॉन और पंच लगातार देश की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारों में शामिल हैं। कंपनी ने बताया कि उसकी CNG कारों की बिक्री भी पूरे इंडस्ट्री की तुलना में तेज रफ्तार से बढ़ रही है। इससे साफ है कि ग्राहकों का भरोसा टाटा की कारों पर लगातार मजबूत हो रहा है।

इलेक्ट्रिक वाहनों और नई लॉन्च पर रहेगा फोकस

कंपनी ने बताया कि फिलहाल हर महीने लगभग 15,000 इलेक्ट्रिक वाहन (EV) की बिक्री हो रही है। इसके अलावा, जैगुआर लैंड रोवर (JLR) भी वित्त वर्ष 2027 की दूसरी छमाही में कई नई गाड़ियां लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। हालांकि, हाल ही में हुए साइबर हमले की वजह से JLR के उत्पादन पर कुछ समय के लिए असर पड़ा था।

आगे और तेज होगी टाटा मोटर्स की रफ्तार

टाटा मोटर्स का मानना है कि AI, इलेक्ट्रिक वाहनों, CNG मॉडल और नई कारों की मजबूत पाइपलाइन के दम पर कंपनी आने वाले समय में भारतीय पैसेंजर व्हीकल बाजार में अपनी हिस्सेदारी 20% तक पहुंचाने में सफल हो सकती है। अगर यह रणनीति सफल रही, तो मारुति सुजुकी, हुंडई और अन्य कंपनियों के लिए कॉम्पिटिशन और भी कड़ी हो जाएगी।

यह भी पढ़ें- Maruti Suzuki ने ग्राहकों को दिया मानसून गिफ्ट! जुलाई में Swift, Wagon R, Victoris समेत कई कारों पर ₹2 लाख तक का बंपर डिस्काउंट

Latest Business News