किस वित्त मंत्री के नाम है सबसे ज्यादा बजट पेश करने का रिकॉर्ड, निर्मला सीतारमण किस स्थान पर
कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में प्रणब मुखर्जी ने भी वित्त मंत्री रहते हुए कुल 8 बार बजट पेश किया था और निर्मला सीतारमण सबसे ज्यादा बजट पेश करने के मामले में फिलहाल प्रणब मुखर्जी के बराबर हैं।

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार, 1 फरवरी को लगातार 9वां बजट पेश करने जा रही हैं। आज बजट पेश करने के साथ ही निर्मला सीतारमण के नाम एक नया रिकॉर्ड बन जाएगा। वैश्विक अनिश्चितता के बीच पेश होने वाले इस बजट में आर्थिक वृद्धि को गति देने के उद्देश्य से सुधारवादी उपायों के होने की उम्मीद है। देश के इतिहास में ऐसा पहली बार होने जा रहा है, जब देश का आम बजट रविवार के दिन संसद में पेश किया जाएगा। यहां हम देश के उन वित्त मंत्रियों के बारे में जानेंगे, जिनके नाम सबसे ज्यादा बजट पेश करने का रिकॉर्ड है।
किस वित्त मंत्री के नाम है सबसे ज्यादा बजट पेश करने का रिकॉर्ड
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई के नाम सबसे ज्यादा बजट पेश करने का रिकॉर्ड है। मोरारजी देसाई ने सबसे ज्यादा 10 बजट पेश किए थे। हालांकि, 1 फरवरी को अपना बजट भाषण खत्म करने के बाद निर्मला सीतारमण, मोरारजी देसाई के रिकॉर्ड के काफी नजदीक पहुंच जाएंगी। मोरारजी देसाई ने 1959-1964 के दौरान वित्त मंत्री के रूप में कुल 6 बजट और 1967-1969 के बीच 4 बजट पेश किए थे। इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का नाम है। पी. चिदंबरम ने कुल 9 बजट पेश किए हैं और निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को उनके रिकॉर्ड की बराबरी करने जा रही हैं।
निर्मला सीतारमण के नाम ही रहेगा लगातार सबसे ज्यादा बजट पेश करने का रिकॉर्ड
कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में प्रणब मुखर्जी ने भी वित्त मंत्री रहते हुए कुल 8 बार बजट पेश किया था और निर्मला सीतारमण सबसे ज्यादा बजट पेश करने के मामले में फिलहाल प्रणब मुखर्जी के बराबर हैं। हालांकि, लगातार सबसे ज्यादा बजट पेश करने का रिकॉर्ड सीतारमण के नाम ही रहेगा। इस साल वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार 9वां बजट पेश करने का रिकॉर्ड बनाएंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 में दूसरी बार सत्ता में आने पर निर्मला सीतारमण को भारत की पहली पूर्णकालिक महिला वित्त मंत्री बनाया था।
2024 में भी निर्मला सीतारमण को ही मिली वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी
साल 2024 में अपने सहयोगी दलों के साथ केंद्र में सरकार बनाने के बाद पीएम मोदी ने वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी निर्मला सीतारमण के पास ही रखी। अब तक निर्मला सीतारमण ने फरवरी 2024 के अंतरिम बजट सहित कुल 8 लगातार बजट पेश किए हैं।
ये भी पढ़ें