खाने के तेल से भी चलेगी कार! इंडियन ऑयल ने की ये बड़ी घोषणा
खाने के तेल से भी चलेगी कार! इंडियन ऑयल ने की ये बड़ी घोषणा
India TV Paisa Desk
Published : May 06, 2021 04:04 pm IST, Updated : May 06, 2021 04:04 pm IST
आप घर में जिस तेल से खाना बनाते हैं, कढ़ाई में बचा वह तेल आपकी कार में ईंधन के रूप में भी उपयोग में आ सकता है।
Image Source : FILEखाने के तेल से भी चलेगी कार, इंडियन ऑयल ने की ये बड़ी घोषणा
आप घर में जिस तेल से खाना बनाते हैं, कढ़ाई में बचा वह तेल आपकी कार में ईंधन के रूप में भी उपयोग में आ सकता है। दरअसल कई बार जल चुके तेल को बार बार खाने में उपयोग में लाना हानिकारक हो सकता है। लेकिन यही हानिकारक तेल ईंधन में उपयोग आने वाले बायोडीजल के रूप में प्रयोग आ सकता है। दरअसल इंडियन ऑयल ने दिल्ली में एक ऐसा बायोडीजल पेश किया है जो इसी जला हुए खाद्य तेल का इस्तेमाल करके बनाया जाता है।
सरकारी पेट्रोलियम कंपनी इंडियन ऑयल ने होटलों तथा रेस्टोरेंट में इस्तेमाल हो चुके तेल से बायोडीजल तैयार कर दिल्ली के बाजार में पेश किया है। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने कंपनी के दिल्ली में टीकरी कलां स्थित डिपो से इस बायोडीजल की पहली खेप रवाना की। प्रधान ने कहा कि बचे हुए खाने के तेल से ईंधन बनाने का काम 'रंधन से ईंधन' योजना के तहत किया गया। इस पहल का देश को आर्थिक रूप से भी फायदा होगा क्योंकि ये देश में घरेलू बायोडीजल की आपूर्ति बढ़ाएगा और बाहर से तेल आयात पर निर्भरता को कम करेगा।
पेट्रोलियम सचिव तरुण कपूर ने कहा कि इस पहल से होटलों में खराब तेल का उपयोग भी कम होगा। बायोडीजल में बचे हुए खाद्य तेल का इस्तेमाल एक बड़ी उप्लब्धि है, लेकिन फीडस्टॉक की उपलब्धता एक चुनौती बनी हुई है। इस योजना को पेश करते हुए स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा था कि बार-बार एक ही तेल का रसोई में इस्तेमाल सेहत के लिए हानिकारक होता है। इससे हाइपरटेंशन, एथेरोस्क्लेरासिस, लीवर से जुड़ी बीमारियां और अल्ज़ाइमर इत्यादि की शिकायत होती है।