A
Hindi News पैसा बिज़नेस IndiGo ने कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स 28 मार्च तक कर दी कैंसिल, जानें एयरलाइंस ने क्या कहा?

IndiGo ने कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स 28 मार्च तक कर दी कैंसिल, जानें एयरलाइंस ने क्या कहा?

IndiGo ने यात्रियों और क्रू मेम्बर्स की सेफ्टी को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला किया है। इससे पहले एयर इंडिया ने भी इस रूट का इस्तेमाल बंद कर दिया है।

इंडिगो ने कहा कि हम शेड्यूल की समीक्षा कर रहे हैं ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।- India TV Paisa Image Source : PIXABAY इंडिगो ने कहा कि हम शेड्यूल की समीक्षा कर रहे हैं ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो।

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने सोमवार को घोषणा की कि ईरान और उसके आसपास के क्षेत्रीय हालात के चलते त्बिलिसी (जॉर्जिया), अल्माटी (कजाखस्तान), बाकू (अजरबैजान) और ताशकंद (उज्बेकिस्तान) के लिए आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स अब 28 मार्च 2026 तक कैंसिल रहेंगी। यह फैसला पहले की घोषणा (जो 28 फरवरी तक थी) का विस्तार है। एयरलाइन ने X पर पोस्ट करते हुए स्पष्ट करते हुए बताया कि  ईरान और उसके आसपास के एयरस्पेस में जारी घटनाक्रम के कारण इन शहरों की उड़ानें प्रभावित हैं। पहले घोषित रद्दीकरण को अब 28 मार्च 2026 तक बढ़ा दिया गया है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं और शेड्यूल की समीक्षा कर रहे हैं ताकि यात्रियों को कम से कम असुविधा हो। 

ईरानी एयरस्पेस से परहेज की मुख्य वजह

इंडिगो और एयर इंडिया दोनों ने ईरानी हवाई क्षेत्र का पूरी तरह उपयोग बंद कर दिया है। इन शहरों की उड़ानें सामान्यतः ईरान के ऊपर से होकर जाती हैं, लेकिन बढ़ते अमेरिका-ईरान तनाव और संभावित सैन्य टकराव की आशंकाओं के कारण एयरलाइंस वैकल्पिक (लंबे) रूट अपना रही हैं। यूरोपीय एविएशन सेफ्टी एजेंसी (EASA) सहित कई अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां ईरानी एयरस्पेस में उड़ानों से बचने की सलाह दे रही हैं। इससे उड़ान समय बढ़ रहा है, ईंधन खपत अधिक हो रही है और ऑपरेशनल चुनौतियां बढ़ गई हैं।

ड्रीमलाइनर (787-9) उड़ानों में भी बदलाव

ईरान तनाव के अलावा भू-राजनीतिक प्रतिबंध, एयरस्पेस क्लोजर, एयरपोर्ट पर भीड़ और उड़ान समय में वृद्धि ने इंडिगो के वाइड-बॉडी बेड़े पर दबाव बढ़ा दिया है। नतीजतन कोपेनहेगन के लिए उड़ानें 17 फरवरी 2026 से अस्थायी रूप से निलंबित कर दी गई हैं। दिल्ली-लंदन हीथ्रो रूट पर साप्ताहिक उड़ानें 5 से घटाकर 4 की गई हैं (9 फरवरी से)।
दिल्ली-मैनचेस्टर पर भी फ्रीक्वेंसी कम की जा रही है – पहले 5 से 4 (7 फरवरी से), फिर 3 साप्ताहिक (19 फरवरी से)। इंडिगो ने कहा कि ये बदलाव ऑपरेशनल विश्वसनीयता और समय पर पहुंच सुनिश्चित करने के लिए हैं।

विकल्प देखने की सलाह

यात्रियों के लिए विकल्पप्रभावित यात्रियों को पूर्ण रिफंड या वैकल्पिक उड़ान विकल्प उपलब्ध हैं। इंडिगो ने यात्रियों से इंडिगो की वेबसाइट (goindigo.in/plan-b) पर जाकर विकल्प देखने की सलाह दी है। एयरलाइन ने दोहराया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। स्थिति सामान्य होने तक आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।यात्रा करने वाले यात्रियों को सलाह है कि अपनी उड़ान की स्थिति इंडिगो ऐप/वेबसाइट या एयरलाइन से सीधे चेक करें।

Latest Business News