A
Hindi News पैसा बिज़नेस 'अगले 20–25 साल भारत के हैं, देश की ग्रोथ लंबी दौड़ की है', ब्लैकरॉक CEO लैरी फिंक ने की भारत की प्रशंसा

'अगले 20–25 साल भारत के हैं, देश की ग्रोथ लंबी दौड़ की है', ब्लैकरॉक CEO लैरी फिंक ने की भारत की प्रशंसा

ब्लैकरॉक के चेयरमैन ने भारत की ग्रोथ स्टोरी को उन निवेशकों के लिए एक आकर्षक मौका बताया, जो धैर्य और विश्वास के साथ निवेश करने को तैयार हैं।

ब्लैकरॉक के चेयरमैन और CEO लैरी फिंक।- India TV Paisa Image Source : ऑफिशियल वेबसाइट और FREEPIK ब्लैकरॉक के चेयरमैन और CEO लैरी फिंक।

विश्व की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी ब्लैकरॉक के चेयरमैन और CEO लैरी फिंक ने मुंबई में जियो ब्लैकरॉक के एक प्रमुख इवेंट में भारत की आर्थिक संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि अगले 20–25 साल भारत का दौर है। उन्होंने इसे एक लंबी दौड़ वाली ग्रोथ स्टोरी बताया। लैरी फिंक ने बुधवार को मुंबई में एक फायरसाइड चैट के दौरान जोर देकर कहा कि दीर्घकालिक निवेशक बाजार की रोजमर्रा की अस्थिरता और सुर्खियों से ऊपर उठकर ‘भारत के युग’ पर फोकस करें। उन्होंने कहा कि पूंजी बाजारों में लगातार और लंबे समय तक भागीदारी ही असली संपत्ति निर्माण की कुंजी है। यह बातचीत जियो ब्लैकरॉक के इवेंट "Investing for a New Era" के दौरान हुई, जहां उनके साथ रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी भी मौजूद थे।

निवेशकों को दी ये सलाह

फिंक ने निवेशकों को सलाह दी कि हर छोटी-मोटी मार्केट मूवमेंट, न्यूज हेडलाइंस या कैपिटल फ्लो पर रिएक्ट करने की बजाय किसी अर्थव्यवस्था की दीर्घकालिक विकास यात्रा के साथ जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक निवेशक का काम हर पल या हर शोर पर प्रतिक्रिया देना नहीं है। फिंक ने ऐतिहासिक उदाहरण देते हुए बताया कि लंबे समय तक इक्विटी बाजारों में निवेश करने से मिलने वाला रिटर्न बैंक डिपॉजिट या अन्य सुरक्षित विकल्पों से कहीं बेहतर रहा है। 

लॉन्ग-टर्म निवेश के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत

फिंक ने जोर दिया कि जिन देशों में पूंजी बाजारों में घरेलू भागीदारी बढ़ती है, वहां व्यापक स्तर पर संपत्ति सृजन होता है, क्योंकि परिवार अर्थव्यवस्था की ग्रोथ में हिस्सेदार बनते हैं, न कि बाहर रहकर सिर्फ देखते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को बाजार से जोड़ने और उन्हें लॉन्ग-टर्म निवेश के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत पर बल दिया, ताकि कंपाउंडिंग का जादू काम कर सके। फिंक का मुख्य संदेश था-अगर आप भारत के युग में विश्वास रखते हैं, तो लंबे समय के लिए निवेश के बारे में सोचना होगा और देश की विकास गाथा के साथ आगे बढ़ना होगा।

निवेशकों के लिए एक आकर्षक अवसर

ब्लैकरॉक प्रमुख ने भारत की विकास कहानी को उन निवेशकों के लिए एक आकर्षक अवसर बताया, जो धैर्य और विश्वास के साथ निवेश करने को तैयार हैं। असली चुनौती अल्पकालिक बाजार गतिविधियों की भविष्यवाणी करना नहीं, बल्कि दीर्घकालिक निवेश के प्रति भरोसा बनाए रखना है।यह इवेंट भारत में JioBlackRock के लॉन्च और वेल्थ क्रिएशन प्लेटफॉर्म के संदर्भ में महत्वपूर्ण है, जहां फिंक और अंबानी ने मिलकर निवेश के भविष्य और भारत की भूमिका पर चर्चा की।कुल मिलाकर, फिंक का मैसेज साफ है—अल्पकालिक शोर को इग्नोर करें, भारत की स्ट्रक्चरल ग्रोथ पर भरोसा रखें, और लॉन्ग-टर्म में देश के साथ चलें।

Latest Business News