नई सीपीआई सीरीज के अनुसार, जनवरी में खुदरा महंगाई दर 2.75 प्रतिशत रही, जिसमें 2024 को आधार वर्ष के रूप में लिया गया है। यह आंकड़े गुरुवार को राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा जारी किए गए। इस नई सीरीज में, वस्तुओं की संख्या 259 से बढ़ाकर 308 और सेवाओं की संख्या 40 से बढ़ाकर 50 कर दी गई है, ताकि मूल्य की स्थिति का बेहतर आकलन किया जा सके।
जनवरी में खाद्य महंगाई दर 2.13 प्रतिशत रही
नई सीरीज में कुछ प्रमुख बदलावों में ग्रामीण घर किराया, ऑनलाइन मीडिया सेवाएं और ईंधन (सीएनजी/पीएनजी) को शामिल किया गया है। डिजिटल और प्रशासनिक स्रोतों से उपलब्ध आंकड़ों का बेहतर आच्छादन करने के लिए टेलीफोन शुल्क, रेल किराया, हवाई किराया, डाक शुल्क, ईंधन, और ऑनलाइन मीडिया एवं स्ट्रीमिंग सेवाओं (OTT सब्सक्रिप्शन) को भी इस नई सीरीज में शामिल किया गया है।
नई सीपीआई सीरीज से बेहतर डाटा मिलेगा
मुख्य आर्थिक सलाहकार (सीईए) वी. अनंता नागेश्वरन ने गुरुवार को कहा कि नई उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) सीरीज से मौद्रिक और राजकोषीय नीतियों के निर्माण में उपयोग होने वाले आंकड़ों की गुणवत्ता में सुधार होगा। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने गुरुवार को आधार वर्ष 2024=100 के साथ नई सीपीआई सीरीज जारी की। नई सीरीज में अधिक वस्तुओं और सेवाओं को शामिल किया गया है, जबकि वर्तमान में उपभोग में नहीं आने वाली वस्तुओं को बाहर किया गया है। विभिन्न मदों के भार (वेटेज) को घरेलू उपभोग व्यय सर्वेक्षण 2023-24 के आधार पर पुनः निर्धारित किया गया है।
Latest Business News