आईपीओ की इंतजार करने वाले निवेशकों के लिए एक लिए एक लेटेस्ट अपडेट है। टू व्हीलर मैनुफैक्चरर हीरो मोटोकॉर्प की फाइनेंशिल सर्विसेस डिवीजन हीरो फिनकॉर्प भी आईपीओ लाने जा रही है। कंपनी को कैपिटल मार्केट रेगुलेटर सेबी से आईपीओ लाने के लिए मंजूरी मिल गई है। पीटीआई की खबर के मुताबिक, बुधवार को बाजार नियामक के साथ एक अपडेट में यह जानकारी दी गई। कंपनी का यह आईपीओ 3,668 करोड़ रुपये का होगा।
ओएफएस में शेयर बेचने वाली कंपनियां
खबर के मुताबिक, ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (डीआरएचपी) के मुताबिक, प्रस्तावित आईपीओ 2,100 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयरों के नए निर्गम और निवेशक शेयरधारकों द्वारा 1,568 करोड़ रुपये के ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) का कॉम्बिनेशन है। ओएफएस (ओपन फॉर सेल) में शेयर बेचने वाली कंपनियां हैं - एएचवीएफ II होल्डिंग्स सिंगापुर II पीटीई.लिमिटेड, एपिस ग्रोथ II (हिबिस्कस) पीटीई.लिमिटेड, लिंक इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट (विकास श्रीवास्तव के माध्यम से) और ओटर लिमिटेड।
अपडेट के मुताबिक, हीरो फिनकॉर्प, जिसने अगस्त में सेबी के साथ अपने प्रारंभिक आईपीओ के कागजात दाखिल किए थे, ने 22 मई को इसकी टिप्पणियां हासिल कीं। सेबी की भाषा में, टिप्पणियां हासिल करने का मतलब है सार्वजनिक निर्गम शुरू करने के लिए इसकी मंजूरी।
जुटाई राशि का कहां होगा इस्तेमाल
ड्राफ्ट पेपर्स के मुताबिक, नए निर्गम से हासिल इनकम का इस्तेमाल कंपनी की पूंजी बढ़ाने के लिए किया जाएगा, ताकि उधार गतिविधियों के लिए भविष्य की फंडिंग जरूरतों को पूरा किया जा सके। हीरो फिनकॉर्प एक एनबीएफसी है, जो भारत में मुख्य रूप से खुदरा, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) ग्राहक खंडों को वित्तीय उत्पादों का एक विविध सूट प्रदान करती है। मार्च 2024 तक, एनबीएफसी फर्म के पास 51,821 करोड़ रुपये की प्रबंधन के तहत संपत्ति (एयूएम) थी, जिसमें खुदरा और एमएसएमई ऋण वर्टिकल का योगदान क्रमशः 65 प्रतिशत और 21 प्रतिशत था।
ये हैं बुक रनिंग लीड मैनेजर
1991 में कंपनी की स्थापना के बाद से, इसका ग्राहक आधार मार्च 2024 तक 1.18 करोड़ हो गया है। जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड, बोफा सिक्योरिटीज इंडिया लिमिटेड, एचएसबीसी सिक्योरिटीज एंड कैपिटल मार्केट्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड, आईसीआईसीआई सिक्योरिटीज लिमिटेड, जेफरीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और एसबीआई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड प्रस्तावित आईपीओ के बुक रनिंग लीड मैनेजर हैं। कंपनी के इक्विटी शेयरों को बीएसई और एनएसई में सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
Latest Business News