Rapido IPO: कब तक आएगा रैपिडो का आईपीओ, जानें पब्लिक लिस्टिंग को लेकर क्या बोले कंपनी के को-फाउंडर
अरविंद सांका ने कहा कि कंपनी अगले कुछ सालों तक सालाना 100 प्रतिशत की ग्रोथ बनाए रखना चाहती है।
Rapido IPO: बाइक और कार टैक्सी सर्विस देने वाली कंपनी रैपिडो भी शेयर बाजार में लिस्ट होने की प्लानिंग पर काम कर रहा है। कंपनी को उम्मीद है कि वो पब्लिक लिस्टिंग के लिए अगले साल यानी 2026 के अंत तक काम शुरू कर सकती है। कंपनी के को-फाउंडर अरविंद सांका ने पीटीआई के साथ बातचीत में ये जानकारी दी है। अरविंद सांका ने कहा कि कंपनी अगले कुछ सालों तक सालाना 100 प्रतिशत की ग्रोथ बनाए रखना चाहती है। सांका ने कहा कि आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने से पहले रैपिडो अपने सबसे करीब की प्रतिद्वंद्वी कंपनी की तुलना में बड़ी कंपनी बनना चाहती है।
बाजार में लिस्ट होने से पहले आगे बढ़ना चाहती है कंपनी
रैपिडो के को-फाउंडर अरविंद ने कहा, ''हम शेयर बाजार के बारे में सोचने से पहले अभी और आगे बढ़ना चाहते हैं। फिलहाल, हमारा विचार ये है कि हम आगे कैसे बढ़ें, पिछले दो सालों में हमारी ग्रोथ रेट 100 प्रतिशत रही है। हम कम से कम कुछ और सालों तक इसी ग्रोथ रेट को बनाए रखना चाहते हैं और फिर बाजार में लिस्टिंग के बारे में सोचेंगे।'' ये पूछने पर कि क्या रैपिडो दो साल बाद आईपीओ लाने की तैयारी शुरू करने पर विचार कर रही है, इस सवाल के जवाब में अरविंद सांका ने कहा कि कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर हर तिमाही में समयसीमा बदलती रहती है, लेकिन कंपनी इसके लिए तैयार रहना चाहती है।
भारत में रैपिडो ने की थी ऐप बेस्ड बाइक टैक्सी की शुरुआत
अरविंद सांका ने कहा, ''हम तैयारी के लिहाज से, व्यावसायिक लिहाज से और अपेक्षित सभी पहलुओं से इस दिशा में कदम उठा रहे हैं।'' बताते चलें कि रैपिडो, भारत की पहली ऐप बेस्ड बाइक टैक्सी सर्विस देने वाली कंपनी है। ऋषिकेश, पवन और अरविंद ने मिलकर साल 2015 में रैपिडो की स्थापना की थी। बाइक टैक्सी के साथ शुरुआत करने वाली कंपनी रैपिडो आज के समय में कार टैक्सी और ऑटो रिक्शा टैक्सी के साथ भी सेवाएं देता है। ये कंपनी दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, मुंबई जैसे तमाम बड़े शहरों में अपनी सेवाएं दे रही है। रैपिडो, आज देश का सबसे बड़ा बाइक टैक्सी ऐप है। जिसने हाल ही में रैपिडो बॉक्स नाम से डिलीवरी सर्विस की भी शुरुआत की है।
