A
Hindi News पैसा बाजार Gold Rate Today: सोने-चांदी के दाम में फिर उछाल, खरीदारी से पहले जान लें ताजा भाव

Gold Rate Today: सोने-चांदी के दाम में फिर उछाल, खरीदारी से पहले जान लें ताजा भाव

सोने और चांदी के भाव में बीते दो महीने में भारी उठापटक देखा गया है। चांदी तो 4 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार चली गई। जानकारों के मुताबिक, दोनों धातुओं में उतार-चढ़ाव जारी रहने की उम्मीद है।

भू-राजनीतिक तनाव ने भी सुरक्षित निवेश (सेफ-हेवन) की मांग को बढ़ावा दिया है।- India TV Paisa Image Source : PIXABAY भू-राजनीतिक तनाव ने भी सुरक्षित निवेश (सेफ-हेवन) की मांग को बढ़ावा दिया है।

वैश्विक बाजारों में मजबूती के रुख के बीच बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में चांदी की कीमत 4,000 रुपये उछलकर 2.68 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। वहीं सोना भी बढ़त के साथ 1.61 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर को पार कर गया। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी 4,000 रुपये यानी करीब 1.5 प्रतिशत बढ़कर 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) हो गई। इससे पहले मंगलवार को यह 2,64,500 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी खरीदारी के समर्थन से 600 रुपये यानी 0.4 प्रतिशत बढ़कर 1,61,300 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) हो गया। पिछले सत्र में यह 1,60,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

फेड रेट कट की उम्मीद से मिला समर्थन

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा कि फेडरल रिजर्व द्वारा अधिक आक्रामक ब्याज दर कटौती की उम्मीदों ने सोने-चांदी को समर्थन दिया है। उन्होंने बताया कि अमेरिका के दिसंबर महीने के खुदरा बिक्री आंकड़े अनुमान से कमजोर रहे, जिससे उपभोक्ता खर्च में सुस्ती के संकेत मिले और आर्थिक वृद्धि को लेकर चिंताएं बढ़ीं। गांधी के मुताबिक, इन आंकड़ों के बाद बाजार अब इस साल तीन बार फेड रेट कट की संभावना जता रहा है, जबकि एक सप्ताह पहले तक दो कटौती की उम्मीद थी। कम ब्याज दर का माहौल सोने जैसे गैर-ब्याज देने वाली धातुओं के लिए अनुकूल माना जाता है।

वैश्विक बाजार में भी तेजी

वैश्विक बाजार में स्पॉट सिल्वर 4.71 डॉलर यानी करीब 6 प्रतिशत बढ़कर 85.51 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वहीं स्पॉट गोल्ड 1.06 प्रतिशत बढ़कर 5,078.72 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करता देखा गया। मिराए एसेट शेयरखान के कमोडिटीज प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि अमेरिकी डॉलर में कमजोरी और जनवरी के अमेरिकी नॉनफार्म पेरोल आंकड़ों के इंतजार में निवेशकों की सक्रियता से सोने में तेजी देखी जा रही है। इन आंकड़ों के जारी होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है।

भू-राजनीतिक तनाव का असर

सौमिल गांधी ने कहा कि भू-राजनीतिक तनाव ने भी सुरक्षित निवेश (सेफ-हेवन) की मांग को बढ़ावा दिया है। ताजा घटनाक्रम में खबर है कि वॉशिंगटन ईरानी कच्चा तेल ले जा रहे टैंकरों को रोकने पर विचार कर रहा है और यदि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता विफल होती है तो अतिरिक्त नौसैनिक तैनाती भी की जा सकती है। इन वैश्विक कारकों के चलते फिलहाल सोने-चांदी की कीमतों में मजबूती का रुख बना हुआ है।

Latest Business News