Karwa Chauth 2022 Saree Color: करवा चौथ का व्रत 13 अक्टूबर 2022 को रखा जाएगा। हर सुहागन स्त्री के लिए करवा चौथ का त्यौहार बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। इस दिन महिलाएं सूर्योदय से लेकर चंद्रोदय तक निर्जला व्रत रखती हैं और पति के दीर्घायु की कामना करती हैं। करवा चौथ पर महिलाएं पूरे सोलह श्रृंगार कर संजती संवरती हैं। बाजारों में भी करवा चौथ को लेकर खूब भीड़ देखने को मिलती है। इस स्पेशल दिन के लिए महिलाएं कपड़ों की शॉपिंग पर विशेष ध्यान देती हैं। वैसे तो करवा चौथ पर रेड कलर पहनना सबसे ज्यादा शुभ माना जाता है और यह रंग सभी पर खूब जचता है। खासकर शादीशुदा महिलाओं के लिए लाल रंग सुहाग की निशानी मानी जाती है। इसलिए इस मौके पर ज्यादातर महिलाएं लाल रंग की साड़ियां पहनती हैं।
लेकिन हर साल करवा चौथ पर सिर्फ लाल रंग की ही साड़ियां क्यों पहनना। बल्कि इस साल करवा चौथ पर आप कुछ अलग कलर की साड़ियां ट्राई करें। लाल रंग की ही तरह ये रंग भी हिंदू धर्म में काफी शुभ माने जाते हैं। करवा चौथ पर इन रंगों की साड़ी पहनने से आप इस बार डिफरेंट और खूबसूरत लुक में नजर आएंगी।
करवा चौथ पर लाल रंग की साड़ी का क्रेज
करवा चौथ पर सुहागिन महिलाओं में लाल रंग की साड़ी का खूब क्रेज होता है। इसका कारण यह भी है कि लाल रंग की साड़ी सिंपल और हैवी दोनों ही डिजाइन में परफेक्ट लगती है। लेकिन हर साल अगर आप लाल रंग की साड़ी पहनेंगी तो आपका ऑलऑवर लुक हर बार की तरह सेम ही लगेगा। इसलिए आप इस साल करवा चौथ के स्पेशल दिन के लिए अलग-अलग रंगों की साड़ियों को ट्राई करें। पूजा में अगर लाल रंग का वस्त्र जरूरी है तो आप किसी भी रंग की साड़ी के साथ लाल रंग की चुनरी को कैरी कर सकती हैं।
इस साल करवा चौथ पर ट्राई करें इन रंगों की साड़ी
पीली रंग की साड़ी
पीला रंग हिंदू धर्म में बेहद शुभ माना जाता है। किसी भी शुभ-मांगलिक कार्य या तीज-त्योहार के मौके पर इस रंग के कपड़े पहनना शुभ होता है। इस साल करवा चौथ पर आप भी पीली रंग की साड़ी ट्राई कर सकती हैं। इसके साथ आप लाल रंग का ब्लाउज भी मैच कर सकती हैं।
हरे रंग की साड़ी
सुहागिन महिलाओं के लिए लाल रंग की तरह हरा रंग भी काफी शुभ होता है। कजरी तीज से लेकर हरतालिका तीज सभी व्रतों में महिलाएं हरे रंग की साड़ियां ही पहनती हैं। करवा चौथ पर भी आप इस शुभ रंग की साड़ी को ट्राई कर सकती हैं। हरे रंग की साड़ी में गोल्ड की ज्वेलरी आपकी खूबसूरती में चार चांद लगा देंगे।
गुलाबी रंग की साड़ी
गुलाबी रंग बहुत खूबसूरत रंग होता है। आजकल इस रंग की साड़ियों और लहंगे का खूब ट्रेंड है। गुलाबी रंग हर किसी पर खूब जचता है। इस साल करवा चौथ पर आप गुलाबी रंग की साड़ी भी पहन सकती हैं।
करवा चौथ पर न पहनें इन रंगों की साड़ी
इस आर्टिकल में हमने आपको बताया कि करवा चौथ पर आप लाल के अलावा किन रंगों की साड़ी पहन सकती हैं। ये रंग पूजा-पाठ और व्रत के अनुसार शुभ होते हैं। लेकिन कुछ ऐसे भी रंग होते हैं जिन्हें करवा चौथ पर नहीं पहनना चाहिए। करवा चौथ के लिए काला, ग्रे या स्लेटी, ब्लू, सफेद और ब्राउन रंग की साड़ी का चुनाव भूलकर भी न करें। इन रंगों को करवा चौथ पर पहनने से बचना चाहिए।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इंडिया टीवी इस बारे में किसी तरह की कोई पुष्टि नहीं करता है। इसे सामान्य जनरुचि को ध्यान में रखकर यहां प्रस्तुत किया गया है।