धार्मिक यात्रियों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। आईआरसीटीसी की ओर से संचालित भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन अब पूर्वी भारत के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों की यात्रा कराएगी। यह 10 दिन की विशेष यात्रा न केवल धार्मिक अनुभव बल्कि ऐतिहासिक और सांस्कृतिक झलक भी पेश करेगी। यात्रियों को वाराणसी, कोलकाता, गंगासागर, पुरी, भुवनेश्वर, कोणार्क, चिलिका और बाबा वैद्यनाथ धाम जैसे ज्योतिर्लिंग और पवित्र स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
यात्रा की शुरुआत और रूट
दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से यह विशेष गाड़ी 9 मार्च 2026 को रवाना होगी और लगभग 150 यात्रियों के लिए सीटें उपलब्ध हैं। इस दौरान यात्री यूपी, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और झारखंड के ऐतिहासिक स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर और गंगा आरती का अनुभव मिलेगा, वहीं कोलकाता में विक्टोरिया मेमोरियल, काली घाट और दक्षिणेश्वर काली मंदिर की यात्रा कराई जाएगी। पुरी के जगन्नाथ मंदिर और झारखंड स्थित बाबा बैद्यनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन का मौका मिलेगा। गाड़ी 18 मार्च को वापस सफदरजंग स्टेशन लौटेगी।
यात्रा पैकेज और सुविधा
भारत गौरव डीलक्स टूरिस्ट गाड़ी में तीनों एसी श्रेणियों के कोच होंगे। यात्रियों के लिए शाकाहारी भोजन, सुरक्षा और यात्रा बीमा का पूरा इंतजाम किया गया है। पैकेज में होटल में ठहरने, यात्रा के दौरान एसी गाड़ी और भोजन शामिल हैं।
किराया:
- फर्स्ट एसी: ₹1,06,940 प्रति यात्री
- द्वितीय एसी: ₹98,925 प्रति यात्री
- तीसरी एसी: ₹79,285 प्रति यात्री
आईआरसीटीसी की वेबसाइट से यात्री अपनी टिकट बुक कर सकते हैं। यह यात्रा उन लोगों के लिए खास है जो धार्मिक अनुभव के साथ-साथ सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का आनंद भी लेना चाहते हैं। भारत गौरव ट्रेन की यह यात्रा पूर्वी भारत के धार्मिक और सांस्कृतिक वैभव को करीब से देखने का अद्वितीय अवसर है।
Latest Business News