शेयर बाजार में इस समय मानो IPO का महाकुंभ लगा हुआ है। हर हफ्ते नए पब्लिक इश्यू लॉन्च हो रहे हैं और निवेशकों का उत्साह चरम पर है। लेकिन असली धमाका अब दिसंबर और जनवरी में होने वाला है, जब करीब 24 कंपनियां मिलकर लगभग 40,000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए बाजार में उतरेंगी। मर्चेंट बैंकर्स का कहना है कि इस बार IPO पाइपलाइन इतनी मजबूत है कि इसे रोकना शायद किसी के बस में नहीं!
बड़ी-बड़ी कंपनियां लाइन में
इस मेगा लाइन-अप में कई मशहूर नाम शामिल हैं, जैसे आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी, मीशो, फ्रैक्टल एनालिटिक्स, वेकफिट इनोवेशन्स, जुनिपर ग्रीन एनर्जी, इनोवेटिवव्यू इंडिया, पार्क मेडी वर्ल्ड और करीब दो दर्जन कंपनियां जिनके इश्यू बाजार का तापमान और बढ़ाने वाले हैं। मर्चेंट बैंकर्स के मुताबिक, इन कंपनियों की बैलेंस शीट और ग्रोथ स्टोरी इतनी मजबूत है कि लिस्टिंग डे पर निवेशकों की बल्ले-बल्ले हो सकती है।
रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी
इस साल अब तक 96 कंपनियां लिस्ट हो चुकी हैं, जिन्होंने मिलकर 1.6 लाख करोड़ रुपये जुटाए हैं। केवल पिछले तीन महीनों में ही 40 से ज्यादा कंपनियों का IPO आया है, जो प्राथमिक बाजार में जबरदस्त गतिविधि दिखाता है। विशेषज्ञ मानते हैं कि दिसंबर में कई बड़े इश्यू आने वाले हैं और 2025 में कुल फंडरेजिंग 2 लाख करोड़ का आंकड़ा छू सकती है, जो भारत के IPO इतिहास में नया रिकॉर्ड होगा।
निवेशक क्यों दिखा रहे दिलचस्पी?
मार्केट एक्सपर्ट्स इस उछाल के तीन बड़े कारण बता रहे हैं रिटेल निवेशकों की तेजी से बढ़ती भागीदारी, मजबूत घरेलू लिक्विडिटी और कंपनियों की मजबूत ग्रोथ स्टोरी व बेहतर मूल्यांकन। Mutual funds भी अब प्री-IPO डील में एक्टिव हो गए हैं, जिससे बाजार में और पैसा आ रहा है।
दिसंबर के बड़े IPO
- आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एएमसी - 10,000 करोड़ रुपये
- मीशो - 5421 करोड़ रुपये
- क्लीन मैक्स एनवायरो - 5200 करोड़ रुपये
- फ्रैक्टल एनालिटिक्स - 4900 करोड़ रुपये
- जुनिपर ग्रीन एनर्जी - 3000 करोड़ रुपये
- एकस - 922 करोड़ रुपये
- विद्या वायर्स - 300 करोड़ रुपये
इसके अलावा करीब 15 और कंपनियां लाइन में हैं जैसे मिल्की मिस्ट, कनोडिया सीमेंट, अमागी मीडिया लैब्स, नेफ्रोकेयर आदि।
निवेश से पहले सावधानी जरूरी
विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि IPO का क्रेज अपने चरम पर है, लेकिन वैल्यूएशन और बिजनेस मॉडल को समझे बिना निवेश करना जोखिम भरा हो सकता है।
Latest Business News