A
Hindi News बिहार इंडिया टीवी के 'चुनाव मंच' पर पहुंचे सम्राट चौधरी, सीट शेयरिंग के विवाद पर खुलकर दिया जवाब

इंडिया टीवी के 'चुनाव मंच' पर पहुंचे सम्राट चौधरी, सीट शेयरिंग के विवाद पर खुलकर दिया जवाब

इंडिया टीवी के दिन भर चलने वाले कॉन्क्लेव 'चुनाव मंच' में भाजपा के कद्दावर नेता सम्राट चौधरी शामिल हुए हैं। यहां उन्होंने तमाम सवालों का जवाब दिया।

'चुनाव मंच' पर पहुंचे सम्राट चौधरी।- India TV Hindi Image Source : INDIA TV 'चुनाव मंच' पर पहुंचे सम्राट चौधरी।

Chunav Manch: बिहार में विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। इस दौरान सभी राजनीतिक दल सरकार बनाने का दावा कर रहे हैं। एक तरफ एनडीए गठबंधन एक बार फिर बिहार में वापसी के लिए जोर लगा रही है तो वहीं दूसरी तरफ महागठबंधन भी पूरे जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटा हुआ है। इसी बीच इंडिया टीवी पर दिन भर चलने वाले कॉन्क्लेव ‘चुनाव मंच’ में हमने विभिन्न सियासी दलों के नेताओं से जनता के सवालों पर जवाब मांगे। इस दौरान बिहार की राजनीति में अहम स्थान रखने वाले भाजपा नेता सम्राट चौधरी भी इंडिया टीवी के चुनाव मंच पर पहुंचे।

तारापुर मेरा जन्मस्थान

सम्राट चौधरी ने तारापुर जाने पर कहा कि मेरा जन्मस्थान तारापुर है और उसी इलाके में मैंने अपनी राजनीति की है। मेरी राजनीतिक शुरुआत वहीं से हुई है। अपने ऊपर लगे आरोपों पर सम्राट चौधरी ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी में जेल जाने वाले लोग अपराधी हैं क्या। राजनीति में कुछ लोग जोकर बनकर आए हैं। उनको ये हिम्मत भी नहीं है कि जनता के बीच जाकर चुनाव लड़ लें। जनता तय करेगी कि सम्राट चौधरी झूठ बोल रहा है कि कौन झूठ बोल रहा है।

लालू की औकात पता है

लालू प्रसाद से डरने की बात पर सम्राट चौधरी ने कहा कि लालू यादव से सम्राट चौधरी नहीं डरने वाला है। जिन लोगों ने गुंडे खड़े किए, सबका इलाज किया और आगे भी करता रहूंगा। मैं जानता हूं लालू जी की औकात को, वह बड़े नेता हैं, उनके प्रतिनिधि बदलते रहते हैं। जब-जब लालू जी सत्ता में रहे तब वह घोटाला करते रहे। तेजस्वी को लेकर उन्होंने कहा कि यूपी में मुलायम सिंह के नाम पर वोट पड़ा और अखिलेश को सीएम बना दिया। वहां साढ़े तीन सीएम हुए। यहां भी वही होगा। यहां पर साढ़े पांच सीएम होंगे।  

सीट शेयरिंग के विवाद पर क्या बोले सम्राट

सीट शेयरिंग पर उपेंद्र कुशवाहा और मांझी के बयानों पर सवाल पूछे जाने पर सम्राट चौधरी ने कहा कि सभी अलग-अलग दल हैं, लेकिन गठबंधन हो चुका है। पांचों उंगलियां बराबर नहीं होती हम पांच भाई हैं, पांडव हैं, कौरवों को हराने के लिए काफी हैं। 101-101 कितना शुभ है। जदयू और भाजपा जुड़वा भाई हैं।