कौन हैं सतीश यादव? जो राघोपुर में लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव को दी कड़ी टक्कर
राघोपुर से तेजस्वी यादव को बीजेपी उम्मीदवार सतीश कुमार यादव से कड़ी टक्कर मिली। यहां पर कभी आरजेडी तो कभी बीजेपी आगे चल रही थी। हालांकि अंतिम समय में तेजस्वी को जीत मिली।
पटनाः बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और आरजेडी प्रमुख लालू यादव के बेटे तेजस्वी यादव राघोपुर से चुनाव जीत गए हैं। उन्होंने अपने निकतम प्रतिद्वंदी बीजेपी के सतीश कुमार यादव को 14 हजार से ज्यादा मतों से हराया। राघोपुर में एक ऐसा समय ऐसा लगा कि तेजस्वी चुनाव हार सकते हैं क्योंकि बीजेपी के सतीश कुमार यादव कई राउंड में आगे चल रहे थे। उन्होंने तेजस्वी को कड़ी टक्कर दी। आइए जानते हैं आखिर सतीश यादव कौन हैं।
कौन हैं सतीश यादव?
बीजेपी नेता सतीश कुमार यादव जिला पार्षद हैं और यादव समाज से आते हैं। उन्होंने अपना राजनीतिक करियर आरजेडी से शुरू किया था, लेकिन 2005 में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) में चले गए। उन्होंने 2005 में राघोपुर से पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन वह उनसे हार गए थे। हालांकि, 2010 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने राबड़ी देवी को 13,006 वोटों के अंतर से हराया था।
2015 में जेडीयू के महागठबंधन में शामिल होने के बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए, जिसके बाद राघोपुर सीट आरजेडी को आवंटित कर दी गई। हालांकि, सतीश कुमार बीजेपी के लिए यह हाई-प्रोफाइल सीट जीतने में असफल रहे और 22,733 वोटों से हार गए। 2020 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने एक बार फिर राघोपुर से अपनी किस्मत आजमाई और तेजस्वी के खिलाफ चुनाव लड़ा लेकिन 38,174 वोटों के अंतर से हार गए। सतीश कुमार यादव लंबे समय से राघोपुर में सक्रिय रहे हैं और लालू परिवार के खिलाफ चुनाव लड़ते रहे हैं।
राघोपुर आरजेडी का गढ़ है
राघोपुर लंबे समय से आरजेडी और लालू प्रसाद यादव के परिवार का गढ़ रहा है। 1995 और 2000 के चुनावों में लालू यादव ने इस सीट पर जीत हासिल की थी, जबकि उनकी पत्नी राबड़ी देवी ने 2000 के उपचुनाव और 2005 के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की थी। 2015 और 2020 के विधानसभा चुनाव में तेजस्वी ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। वैशाली जिले में पड़ने वाले राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में यादवों की संख्या कुल आबादी का 31 प्रतिशत है।
ये भी पढ़ेंः Bihar Election Result: आखिर कैसे फेल हो गई तेजस्वी की स्ट्रैटजी? 5 पॉइंट में समझें कहां हो गई चूक
