बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश की पार्टी JD (U) को बड़ा झटका, इस सीनियर नेता ने छोड़ी पार्टी
रंजीत सहनी ने कहा कि उन्होंने जनता दल यूनाइटेड पार्टी को छोड़ा है एनडीए नहीं। किस दल में वह जाएंगे इसका फैसला समर्थक के साथ बैठक में लेंगे।
मुजफ्फरपुर: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड बड़ा झटका लगा है। जेडीयू के पूर्व जिलाध्यक्ष और सीनियर नेता रंजीत सहनी ने पार्टी छोड़ दी है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस्तीफे की जानकारी दी। मुजफ्फरपुर के कच्ची पक्की स्थित एक होटल के सभागार में रंजीत सहनी ने प्रेस कांफ्रेंस की। उन्होंने कहा कि JDU पार्टी की प्राथमिक और सक्रिय सदस्यता के साथ ही उन्होंने प्रदेश जदयू राजनीति सलाहकार समिति से भी इस्तीफा दे दिया है। रंजीत सहनी ने कहा कि इस्तीफे की जानकारी पत्र व मोबाइल से मैसेज कर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ,राष्ट्रीय अध्यक्ष व राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष को दे दिया गया है।
जदयू से टूटा नाता, एनडीए से नहीं
रंजीत सहनी ने कहा कि उन्होंने जदयू छोड़ी है एनडीए नहीं। किस दल में वह जाएंगे इसका फैसला समर्थकों के साथ बैठक में लेंगे। उन्होंने कहा कि वे जदयू पार्टी में 15 सालों से विभिन्न पदों पर बने रहे। पार्टी की ओर से जो भी पद मिला उसका सही ढंग से निर्वहन करने का काम किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ऊंचे नैतिक मूल्य एवं सर्वजन कल्याण की विचारधारा से प्रेरित होकर आए थे। लेकिन अभी का जो जदयू के दृश्य दिख रहा है उसमें संघटन में रहना मुश्किल लग रहा है।
पार्टी को कुछ लोगों ने किया हाईजैक
उन्होंने आरोप लगाया कि दो-चार लोग मिलकर मुख्यमंत्री को पूरी तरह भ्रमित कर अपना और अपने परिवार का हित साधने में लगे हैं, जिससे जदयू कमजोर हो गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पहले कार्यकर्ताओं की बात सुनी जाती थी, लेकिन अब उन्हें मुख्यमंत्री तक पहुंचने भी नहीं दिया जाता। सहनी ने कहा भाजपा, कांग्रेस और राजद से आकर कुछ लोग पार्टी को हाइजैक कर चुके हैं। इससे संगठन प्रदेश और जिला स्तर पर कमजोर हो गया है। जब तक पार्टी नीतीश कुमार की नीति विचारधारा पर संघटन चल रही था तब तक चीजें ठीक थीं लेकिन अब वह कहीं न कही बदल चुका है। किसी न किसी रूप में पार्टी को हाईजैक किया गया है। उन्होंने कहा जो हमारे नेता को हाईजैक कर पार्टी को चला रहे हैं उससे हमलोग संतुस्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा फिलहाल वह समाजिक संगठन निषाद संघर्ष मोर्चा के साथ मिलकर समाज के लिए काम करेंगे।
क्या आरजेडी में जाएंगे रंजीत सहनी?
रंजीत सहनी ने कहा कि अब जदयू अपनी घोषित नीतियों और नैतिक मूल्यों पर नहीं चल रही है। उन्होंने दावा किया कि जदयू में अब इस्तीफे का दौर शुरू हो गया है। जब पत्रकारों ने सवाल किया आप कुढ़नी विधानसभा से चुनाव लड़ना चाह रहे हैं इसलिए पार्टी से इस्तीफा दिया। इसपर उन्होंने कहा कि राजनीति है और राजनीति में कुछ भी हो सकता है। आने वाले समय में विचार करेंगे। निषाद संघर्ष मोर्चा संघटन चकी बैठक में विचार करेंगे। उन्होंने कहा कि 10 दिन के अंदर अगली रणनीति बनाकर इसकी औपचारिक घोषणा करेंगे। बताया जा रहा है कि रंजीत सहनी राष्ट्रीय जनता दल का दामन थामेंगे। कुढ़नी विधान सभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी चल रही है। कुढ़नी में निषाद वोटरों की संख्या अधिक है। रंजीत सहनी की पीसी के दौरान राजद के कई नेता मौजूद रहे।
रिपोर्टर- संजीव कुमार, मुजफ्फरपुर
