A
Hindi News दिल्ली दिल्ली में महिलाओं की बल्ले-बल्ले, अगले महीने मिलेगा सहेली स्मार्ट कार्ड, जानें डिटेल

दिल्ली में महिलाओं की बल्ले-बल्ले, अगले महीने मिलेगा सहेली स्मार्ट कार्ड, जानें डिटेल

सहेली स्मार्ट कार्ड के जरिए महिलाएं और ट्रांसजेंडर बस में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। दिल्ली सरकार अक्टूबर से इसके रजिस्ट्रेशन शुरू कर सकती है। ये स्मार्ट पूरे जीवन के लिए मान्य होंगे।

Rekha Gupta- India TV Hindi Image Source : PTI रेखा गुप्ता

दिल्ली सरकार अक्टूबर के महीने से सहेली स्मार्ट कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत कर सकती है। इस पिंक कार्ड के जरिए महिलाएं और ट्रांसजेंडर दिल्ली की बसों में मुफ्त सफर कर सकेंगी। ये कार्ड पूरे जीवन के लिए मान्य होंगे। इस कार्ड के बनने से महिलाओं के लिए दिल्ली में बिना किसी रुकावट के सफर करना आसान होगा। इस कार्ड को डीटीसी के ऑटोमैटिक किराया संग्रह प्रणाली के जरिए एक्टिवेट करना होगा।

डीटीसी की तरफ से सीधे कोई कार्ड नहीं जारी किया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद डीटीसी पोर्टल पर केवाईसी की जाएगी। इसके बाद कार्ड जारी होंगे। सरकार कोई चार्ज नहीं लेगी, लेकिन बैंक इन कार्ड के लिए हल्की फीस चार्ज कर सकते हैं। दिल्ली में महिलाओं को अभी भी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलती है, लेकिन अभी उन्हें पिंक टिकट दिया जाता है।

क्या है सहेली स्मार्ट कार्ड?

दिल्ली में 12 साल और उससे अधिक आयु की महिलाओं और ट्रांसजेंडर को सभी डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने के लिए सहेली स्मार्ट कार्ड दिया जाएगा। इस पर धारक का नाम और फोटो होगा। यह स्मार्ट कार्ड नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) के तहत जारी किया जाएगा। इस कार्ड से केवल डीटीसी और क्लस्टर बसों में मुफ्त यात्रा की जा सकेगी। परिवहन के अन्य साधनों का उपयोग करने के लिए कार्ड में रिचार्ज और टॉप-अप की जरूरत पड़ेगी। 

किसे मिलेगा कार्ड?

यह डिजिटल कार्ड प्राप्त करने के लिए आवेदक को दिल्ली का वास्तविक निवासी होना चाहिए और उसकी आयु 12 वर्ष या उससे अधिक होनी चाहिए। आवेदक के पास पते का वैध प्रमाण होना चाहिए। उन्हें डीटीसी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। सहभागी बैंक का चयन करना होगा और चुनी गई बैंक शाखा में पूर्ण केवाईसी सत्यापन पूरा करना होगा। केवाईसी पूरी हो जाने के बाद बैंक आवेदक के पंजीकृत पते पर यह स्मार्ट कार्ड भेज देगा। स्मार्ट कार्ड प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, दिल्ली में निवास का प्रमाण, पासपोर्ट आकार की फोटो तथा बैंक-विशिष्ट केवाईसी मानदंडों के तहत अन्य दस्तावेजों की आवश्यकता होगी।

कार्ड खोने पर क्या होगा? 

कार्ड खो जाने की स्थिति में उपयोगकर्ताओं को इसकी सूचना जारीकर्ता बैंक को देनी होगी, जो अपनी शर्तों के अनुसार इसके बदले दूसरा कार्ड उपलब्ध करा सकते हैं। उपयोग से पहले कार्ड को डीटीसी के ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम (एएफसीएस) के माध्यम से सक्रिय करना होगा। यद्यपि टॉप-अप के बाद कार्ड का उपयोग परिवहन की अन्य सुविधाओं पर भी किया जा सकता है, लेकिन इस योजना के तहत मुफ्त यात्रा का लाभ डीटीसी और क्लस्टर बसों तक ही सीमित है।