1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. भोजपुरी
  4. 'राजनीति मेरे बस की बात नहीं', पॉलिटिक्स से खेसारी लाल यादव का मोह भंग, बोले- बहुत झूठ बोलना पड़ता है

'राजनीति मेरे बस की बात नहीं', पॉलिटिक्स से खेसारी लाल यादव का मोह भंग, बोले- बहुत झूठ बोलना पड़ता है

भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने राजनीति को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उनका राजनीति से कोई वास्ता नहीं होता और कलाकार के रूप में ही काम करना चाहते हैं।

khesari lal yadav- India TV Hindi
Image Source : KHESARI LAL YADAV/FB तेजस्वी के साथ खेसारी लाल यादव।

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अक्सर अपनी फिल्मों के साथ-साथ अपने बेबाक बयानों को लेकर भी चर्चा के केंद्र में रहते हैं। हाल ही में बिहार चुनावों के दौरान उनकी सक्रियता और साथी कलाकारों के साथ हुई जुबानी जंग ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। उस समय खेसारी एक तरफ थे और इंडस्ट्री के कई दिग्गज दूसरी तरफ, जिसके बाद कयास लगाए जाने लगे थे कि वह जल्द ही पूर्णकालिक राजनीति में कदम रख सकते हैं। हालांक, अब खेसारी लाल यादव ने इन तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए राजनीति से दूरी बनाने का एक बड़ा संकेत दिया है।

राजनीति और बीजेपी में जाने की अटकलें

हाल ही में भोजपुरी जगत के एक अन्य कलाकार रितेश पांडे द्वारा जनसुराज छोड़ने और मनोज तिवारी के बयानों के बाद यह चर्चा तेज हो गई थी कि खेसारी लाल यादव भी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का दामन थाम सकते हैं। राजनीति में उनके आने की खबरों ने सोशल मीडिया पर हलचल पैदा कर दी थी। इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया देते हुए खेसारी ने दो टूक शब्दों में स्पष्ट किया कि वे किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहे हैं। खेसारी ने मीडिया से बातचीत के दौरान बहुत ही मार्मिक और स्पष्ट बात कही। उन्होंने कहा, 'मैं एक कलाकार हूं और मुझे कलाकार ही रहने दीजिए। राजनीति मेरे बस की बात नहीं है क्योंकि वहां काम चलाने के लिए अक्सर झूठ का सहारा लेना पड़ता है, जबकि मैं स्वभाव से सच बोलने वाला इंसान हूं।'

फिल्मों और म्यूजिक पर करना चाहते हैं फोकस

अभिनेता ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले चुनाव लड़ा था, लेकिन उस अनुभव ने उन्हें यह सिखाया कि राजनीति की दुनिया में सच्चाई और ईमानदारी के लिए जगह बनाना बहुत चुनौतीपूर्ण है। उन्होंने घोषणा की कि वे अब राजनीति से संन्यास जैसा मन बना चुके हैं और अपना पूरा ध्यान केवल संगीत और अभिनय पर केंद्रित करना चाहते हैं। राजनीति के अलावा, खेसारी से भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच चल रहे तलाक के विवाद पर भी राय मांगी गई। इस संवेदनशील मुद्दे पर खेसारी ने बहुत ही सधा हुआ और भावनात्मक रुख अपनाया। उन्होंने इस मामले पर टिप्पणी करने से पूरी तरह इनकार कर दिया।

विवादों से बचते दिखे खेसारी लाल यादव

खेसारी ने पुरानी बातों को याद करते हुए कहा कि जब उन्होंने पहले कभी इस विषय पर बोलने की कोशिश की थी, तो उन्हें सोशल मीडिया पर जबरदस्त ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था। उन्होंने भावुक होकर कहा, 'यह पवन सिंह का निजी और पारिवारिक मसला है, जिसमें बाहरी हस्तक्षेप ठीक नहीं है। खेसारी ने कहा कि उनकी भी एक बेटी है, इसलिए वे किसी के घर या परिवार की स्थिति पर अब कुछ भी बोलकर विवाद नहीं बढ़ाना चाहते।'

ये भी पढ़ें:  Ghooskhor Pandat Row: नीरज पांडे ने सुप्रीम कोर्ट में किया कंफर्म, पूरी तरह बदल दिया जाएगा फिल्म का टाइटल

'घूसखोर पंडत' के बाद 'यादव जी की लव स्टोरी' पर मचा बवाल, विवादों में उलझी कहानी, कई जिलों में उठी आवाज