A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अतुल्य भारत के बाद अब रोड सेफ्टी कैम्पेन से भी हटे आमिर

अतुल्य भारत के बाद अब रोड सेफ्टी कैम्पेन से भी हटे आमिर

भारत सरकार के 'अतुल्य भारत' अभियान से हटाए जाने के बाद बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान को अब रोड सेफ्टी कैम्पेन के ब्रांड एम्बेस्डर के पद से भी हटा दिया गया है।

aamir khan- India TV Hindi
aamir khan

नई दिल्ली: भारत सरकार के 'अतुल्य भारत' अभियान से हटाए जाने के बाद बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान को अब रोड सेफ्टी कैम्पेन के ब्रांड एम्बेस्डर के पद से भी हटा दिया गया है। एक अंग्रेजी दैनिक की खबर के मुताबिक आमिर को उनके असहिष्णुता वाले बयान की वजह से ही 'अतुल्य भारत' के बाद अब रोड सेफ्टी कैम्पेन से भी हाथ धोना पड़ा है। गौरतलब है कि एक लम्बे अरसे तक 'अतुल्य भारत' कैम्पेन के ब्रांड एंबेसडर रहे आमिर को हाल ही में इस कैम्पेन से हटा दिया गया। इसका कारण बीते साल एक समारोह के दौरान आमिर खान का 'असहिष्णुता' पर बयान देना बताया गया।

इसे भी पढ़े:मैंने आमिर खान को गद्दार नहीं कहा: मनोज तिवारी

आपको बता दें कि केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के कहने पर ही आमिर खान को रोड सेफ्टी कैंपेन का ब्रांड एम्‍बेसडर बनाया गया था। इस कैंपेन के लिए दिसंबर 2014 में आमिर खान को साइन किया गया था। नितिन गडकरी आमिर खान के शो 'सत्यमेव जयते' से काफी प्रभावित थे इसलिए जब देशभर में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और लोगों में जगरूकता फैलाने के अभियान चलाने का फैसला लिया गया तो सबके लिए आमिर पहली पसंद थे। लेकिन जब तक अभियान पटरी पर आता उससे पहले ही आमिर के ‘असहिष्‍णुता’ वाले बयान के बाद उन्हें इस कैंपेन से अलग करने का फैसला कर लिया गया। हालांकि अभी आमिर खान की तरफ ने इस पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

आमिर ने क्या कहा था:

आपको बता दें कि आमिर ने बीते साल एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि उनकी पत्नी ने माहौल को देखते हुए उनसे देश छोड़ देने की बात कही थी क्योंकि वो खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही थीं। आमिर के इस बयान ने सियासी रुप ले लिया और हर तरफ से लोग उनके खिलाफ प्रतिक्रियाएं करने लगे थे।

Latest Bollywood News