A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. आदित्य ने 'सूर्यपुत्र कर्ण' के लिए 8 किलो वजन घटाया

आदित्य ने 'सूर्यपुत्र कर्ण' के लिए 8 किलो वजन घटाया

श्रीनगर: छोटे पर्दे के जाने-माने अभिनेता आदित्य रेदीज को धारावाहिक 'सूर्यपुत्र कर्ण' में मुख्य किरदार निभाने के लिए आठ किलोग्राम वजन घटाना पड़ा। वह कहते हैं कि वजन घटाना-बढ़ाना शरीर के लिए तकलीफदायक हो सकता

आदित्य ने...- India TV Hindi
आदित्य ने 'सूर्यपुत्र कर्ण' के लिए 8 किलो वजन घटाया

श्रीनगर: छोटे पर्दे के जाने-माने अभिनेता आदित्य रेदीज को धारावाहिक 'सूर्यपुत्र कर्ण' में मुख्य किरदार निभाने के लिए आठ किलोग्राम वजन घटाना पड़ा। वह कहते हैं कि वजन घटाना-बढ़ाना शरीर के लिए तकलीफदायक हो सकता है, लेकिन दर्शकों का प्यार इस तकलीफ को भुलाने में मदद करता है।

आदित्य ने यहां एक समूह साक्षात्कार में आईएएनएस को बताया, "मैं अपने पिछले धारावाहिक 'बंधन' में 35 वर्षीय पिता की भूमिका निभा रहा था, इसलिए मुझे 'सूर्यपुत्र कर्ण' के लिए थोड़ा जवां दिखने के लिए करीब आठ किलोग्राम वजन घटाना था। धारावाहिक की झलकियों के शूट के लिए, मैंने तीन दिनों में तीन किलोग्राम वजन घटाया। कम समय में वजन घटाना जोखिमभरा है, लेकिन जब लोग आपको देखते हैं और सराहते हैं, तो आपको अपनी उस सारी मेहनत का फल मिल जाता है।"

आदित्य ने धारावाहिक 'ना आना इस देस लाडो' से छोटे पर्दे पर कदम रखा। वह 'सेवा बिन मेवा नहीं' फलसफे में यकीन रखते हैं।

उन्होंने कहा, "मैं एक बंधा-बंधाया पोषाहार ले रहा हूं। झलकियों की शूटिंग से पूर्व मैं करीब-करीब नमक से दूर रहा और कभी कभी रोटी का सिर्फ एक टुकड़ा और एक उबला अंडा खाता था।"

आदित्य यहां गुरुवार को जब धारावाहिक के लांच के लिए संवाददाता कक्ष में दाखिल हुए, तो खुद पर की गई उनकी कड़ी मेहनत साफ नजर आई। वह काफी दुबले लग रहे थे।

'सूर्यपुत्र कर्ण' का प्रसारण सोमवार से सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर होगा।

आदित्य ने कहा कि उन्हें धारावाहिकों के लिए कायापलट करना पसंद है।

उन्होंने कहा, "मैं इन सभी कायापलट का लुत्फ उठाता हूं, क्योंकि मैं अपने किरदारों के लिए हरसंभव मेहनत कर रहा हूं। अंतर पर्दे पर देखा जा सकता है। हां, यह बेहद तकलीफदेह है, लेकिन आपको उसका लुत्फ उठाना सीखना होगा। मुझे अच्छा लगता है, जब लोग मेरे प्रयास की सराहना करते हैं।"

Latest Bollywood News