नई दिल्ली: सास-बहू पर आधारित धारावाहिकों के लिए जानी जाने वाली निर्माता एकता कपूर अब भारतीय दर्शकों के लिए अमेरिकी श्रृंखला 'स्कैंडल' का रीमेक बनाना चाहती हैं।
राजनीति पर आधारित थ्रिलर 'स्कैंडल' में केरी वाशिंगटन ने अहम किरदार निभाया है।
एकता ने पीटीआई भाषा से कहा, मैं स्कैंडल का रीमेक बनाना चाहूंगी जिसमें अभिनेत्री राष्ट्रपति से प्रेम करने लगती है। हमारे प्रधानमंत्री भी अविवाहित है। इसलिए मुझे लगता है कि ऐसा करना शानदार रहेगा। मुझे नहीं लगता कि यह निकट भविष्य में होगा लेकिन मैं एक दिन ऐसा करना चाहूंगी।
इसे भी पढ़े- "अगर चेतन कहें तो मै शादी के लिए तैयार हूं" एकता ने ये क्या कह दिया
कई अमेरिकी कार्यक्रमों का यहां रूपांतरण किया जा रहा है और एकता का मानना है कि इस प्रकार की श्रृंखला तभी सफल हो सकती है यदि उनका भारतीयकरण किया जाए।
उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि कहानी दमदार होनी चाहिए, फिर भले ही वह भारतीय हो या पश्चिमी, रूपांतरित हो या नहीं।
नया धारावाहिक 'नागिन' लेकर आ रही एकता ने कहा कि वह दर्शकों के सामने नागिन के कान्सेप्ट को फिर से पेश करना चाहती हैं।
नागिन धारावाहिक 36 कडि़यों में दिखाया जाएगा और एकता ने कहा कि वह इस धारावाहिक को खींचना नहीं चाहतीं क्योंकि यह सप्ताहांत में भी दिखाया जाएगा।
यह पूछने पर कि क्या बालाजी टेलीफिल्म्स आगे भी सीमित कडि़यों के धारावाहिक बनाएंगी, एकता ने कहा कि यह नागिन की सफलता पर निर्भर करेगा।
कलर्स पर दिखाए जाने वाले इस धारावाहिक में मोनी रॉय, अर्जुन बिजलानी और अदा खान अहम किरदार निभा रहे हैं।
Latest Bollywood News