मुंबई, फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एंप्लॉयज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने छह मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया है। एक अधिकारी ने कहा कि फेडरेशन के बुधवार शाम कर्मचारियों और तकनीशियनों का मेहनताना बढ़ाने को लेकर फिल्म निर्माताओं के साथ एक अनौपचारिक बैठक करने की संभावना है। एफडब्ल्यूआईसीई अध्यक्ष कमलेश पांडेय ने आईएएनएस को बताया, "शुरुआत में फिल्म निर्माताओं ने हमारे पत्रों का संज्ञान तक नहीं लिया, लेकिन उन्हें एक नोटिस मिला कि हम छह मई से हड़ताल पर जा रहे हैं, इसलिए उन्होंने अब इस बारे में विचार-विमर्श करने के लिए एक अनौपचारिक बैठक बुलाई है।"
कमलेश ने जोर दिया कि यह एक अनौपचारिक बैठक है। अब देखना होगा कि फिल्म निर्माता मेहनताने और नए समझौता ज्ञापन के बारे में चर्चा करते हैं या नहीं।
उन्होंने कहा, "अगर वे हमारी शर्ते नहीं मानेंगे तो फेडरेशन सदस्य उनके साथ आगे कोई काम नहीं करेंगे।"
बैठक में महेश भट्ट और टी.पी. अग्रवाल सरीखी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
Latest Bollywood News