A
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. ऑस्कर की दौड़ में शामिल 300 फिल्मों में जुड़ा हेमलकसा का नाम

ऑस्कर की दौड़ में शामिल 300 फिल्मों में जुड़ा हेमलकसा का नाम

मुंबई: मैगसायसाय पुरस्कार से सम्मानित प्रकाश आमटे के जीवन और उस अवधि पर आधारित फिल्म हेमलकसा ऑस्कर पुरस्कार के नामांकन की दौड़ में दुनिया भर से शामिल 300 फिल्मों की सूची में पहुंच गयी है।

Hemalkasa, 300 films in the race for Oscar- India TV Hindi
Hemalkasa, 300 films in the race for Oscar

मुंबई: मैगसायसाय पुरस्कार से सम्मानित प्रकाश आमटे के जीवन और उस अवधि पर आधारित फिल्म हेमलकसा ऑस्कर पुरस्कार के नामांकन की दौड़ में दुनिया भर से शामिल 300 फिल्मों की सूची में पहुंच गयी है। हेमलकसा सहित 300 फिल्में 88वें अकादमी पुरस्कार के लिए नामांकन पाने की होड़ में हैं।

फिल्म निर्माता समृद्धि पुरी का कहना है कि हेमलकसा उनकी पहली हिन्दी फिल्म है। समृद्धि ने पीटीआई भाषा से कहा, नाना पाटेकर और सोनाली कुलकर्णी की मुख्य भूमिका वाली मेरी मराठी फिल्म प्रकाश बाबा आमटे को आलोचकों ने सराहा तथा व्यावसायिक रूप से सफल रही। फिर मैंने फिल्म को बड़े दर्शक वर्ग तक ले जाने का फैसला किया। मैंने फिल्म को दोबारा हिन्दी में बनाया।

हेमलकसा ओपन कैटेगरी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए ऑस्कर नामांकन के लिए दौड़ में है। समृद्धि का कहना है कि किन फिल्मों को नामांकन मिला है, इसकी जानकारी फरवरी में मिलेगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार महीने में ज्यूरी के सदस्यों के लिए लॉस एंजिलिस में कई शो आयोजित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सिर्फ हेमलकसा ही नहीं बल्कि अन्य भारतीय फिल्में जैसे कोंकणी फिल्म नाचोम-ईआ कुम्पसर, मलयाली फिल्म जलम, कन्नड़ फिल्म रंगीतरंगा भी ऑस्कर नामांकन सूची में हैं। मराठी फिल्म कोर्ट ऑस्कर के विदेशी भाषा श्रेणी में भारत की आधिकारिक प्रविष्टि है।

Latest Bollywood News