नई दिल्ली: रिलीज से पहले ही विवादों में घिरी विनोद कापड़ी की फिल्म 'मिस टनकपुर हाजिर हो' मुजफ्फरनगर में नहीं दिखाई जाएगी। वहां खाप पंचायत ने इस फिल्म को न रिलीज करने की चेतावनी दी है, जिसके बाद पत्रकार से डायरेक्टर बने विनोद कापड़ी ने कहा कि मुजफ्फरनगर के लोग मेरी फिल्म नहीं देख पाएंगे।
फिल्म के कुछ सीन्स को लेकर खाप पंचायत ने आपत्ति जताई है। उन्होंने फिल्म के डायरेक्टर विनोद कापड़ी से इन सीन्स को हटाने के लिए कहा है। लेकिन कापड़ी ने सीन्स को फिल्म से हटाने के बजाए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटा दिया। फिल्म देखने के बाद कोर्ट को ऐसा नहीं लगा कि फिल्म में कोई भी सीन हटाने लायक है। कोर्ट की क्लीन चिट के बाद खाप पंचायत ने फिल्म को रिलीज न होने देने की चेतावनी दे डाली है।
डायरेक्टर विनोद कापड़ी ने कहा कि उनकी फिल्म में ऐसा कोई सीन नहीं दिखाया गया है जिसकी वजह से फिल्म को बैन करना पड़े। लेकिन फिर भी अगर कोई सिनेमाघर फिल्म को दिखाना चाह रहा है तो लोग वहां तोड़-फोड़ करने की योजना बना रहे हैं। कापड़ी ने कहा कि खाप पंचायत अपने अधिकारों का बेजा इस्तेमाल कर रही है।
क्या है फिल्म में-
फिल्म में एक युवक पर भैंस के साथ रेप करने का आरोप लगया जाता है और गांव की पंचायत युवक को भैंस से शादी करने का फरमान सुना देती है।
Latest Bollywood News