नई दिल्ली: पाकिस्तानी सरकार की ओर से वीजा नहीं मिलने के कारण अभिनेता अनुपम खेर पांच फरवरी से शुरू होने वाले कराची साहित्य महोत्सव में भाग नहीं ले सकेंगे। 4 दिवसीय समारोह के लिए आयोजकों ने 18 भारतीयों को आमंत्रित किया था। खेर उनमें से एक थे। खेर एकमात्र व्यक्ति हैं जिन्हें वीजा नहीं मिल सका। अन्य 17 प्रतिभागियों को वीजा मिल गया।
कुछ ही दिन पहले पदम विभूषण से सम्मानित अनुपम खेर कम से कम दो सत्र में भाग लेने वाले थे और महोत्सव के कार्यक्रम में उनके नाम का उल्लेख प्रमुखता से किया गया था।
वीजा नहीं दिये जाने की पुष्टि करते हुये खेर ने बताया कि वह इसे देख कर काफी दुखी हैं। वह महोत्सव में भाग लेने के बारे में आगे की ओर सोच रहे थे और वहां के लोगों के मन में गलतफहमी दूर करने के लिए मंच का इस्तेमाल करना चाहते थे।
उन्होंने कहा, हम उनके कलाकारों का भारत में स्वागत करते हैं। अगर भारत में एक जगह पर उनकी प्रस्तुति पर आपत्तियां होती है तो दूसरे जगह उनका स्वागत होता है। लेकिन यह पारस्परिक नहीं है।
वीजा नहीं दिये जाने के मुद्दे पर खेर ने बताया, काश मैं जान पाता। मैं सोच रहा हूं कि क्या यह मेरे कश्मीरी पंडित होने या भारत में सहिष्णुता पर बहस में मेरे विचारों के कारण हुआ है।
खेर ने बताया कि वीजा नहीं मिलने के कारण महोत्सव के आयोजकों को शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा और उन्होंने मुझसे खेद जताया है।
Latest Bollywood News