नई दिल्ली: आगामी फिल्म बाहुबली में पिता और पुत्र दोनों का किरदार निभाना तेलुगू सुपरस्टार प्रभास के लिए कोई आसान काम नहीं था। क्योंकि उन्हें इसके लिए खानपान संबंधी कड़े नियमों का पालन करना पड़ा और कड़ा प्रशिक्षण लेना पड़ा। दो भाग में बनने वाली यह फिल्म कई भाषाओं में प्रदर्शित होनी है।
एस एस राजामौली के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में प्रभास दो अलग-अलग रूपों में नजर आएंगे। इसमें पिता बाहुबली के लिए एक भारी भरकम शरीर वाला दिखना है और बेटे शिवुदू के लिए पतला दुबला लड़का। प्रभास ने कहा कि उन्हें फिल्म के प्रदर्शन के बारे में सोचकर घबराहट हो रही है।
प्रभास ने बताया, मैं बस बाहुबली के प्रदर्शन का इंतजार कर रहा हूं। मुझे इस बात की घबराहट भी है और रोमांच भी कि लोग फिल्म पसंद करते हैं या नहीं? मैंने इसके लिए बहुत मेहनत की है, खासतौर पर अपने शरीर पर। कई बार मैं 30-40 दिन तक सिर्फ अंडे ही लेता था ताकि एक किरदार के लिए उचित आकार में आ सकूं।
इनकी पिछली फिल्म तेलुगू एक्शन फिल्म मिर्ची थी। प्रभास ने कहा कि उन्होंने बाहुबली के लिए तलवारबाजी, किक-बॉक्सिंग, कुंग-फू और घुड़सवारी सीखी।
फिल्म का हिंदी रूप करण जौहर लेकर आने वाले हैं। फिल्म का पहला भाग 10 जुलाई 2015 को प्रदर्शित हो सकता है।
Latest Bollywood News