मुंबई: टीवी अभिनेता संदीप बसवाना लोकप्रिय धारावाहिक उड़ान में अपने किरदार ईश्वर रावत की मौत के साथ धारावाहिक से विदा हो रहे हैं।
कलर्स टीवी चैनल के इस धारावाहिक की नायिका चकोर की मदद करने वाला बसवाना का किरदार अगले हफ्ते दिखाए जानी वाली एक कड़ी में एक बम विस्फोट हादसे में मारा जाएगा।
37 साल के अभिनेता ने एक बयान में कहा, धारावाहिक की शुरूआत के साथ ही मेरे आने और जाने का समय तय हो गया था। ईश्वर रावत के मेरे किरदार को छोटी बच्ची चकोर को एक मंच देना था जहां से वह अपने सपनों की उड़ान भर सके।
उन्होंने कहा, मेरे और मेरे किरदार दोनों का काम पूरा हो गया। इसलिए यह समय मेरे सपनों के लिए उड़ान भरने का है जोकि किसी दूसरे किरदार का निर्माण करना और अपनी सर्वश्रेष्ठ क्षमताओं में दर्शकों का मनोरंजन करने की कोशिश करना है।
फिल्मकार महेश भट्ट द्वारा निर्मित उड़ान में बाल कलाकार स्पंदन चतुर्वेदी मुख्य किरदार निभा रही हैं।
Latest Bollywood News