नई दिल्ली: भले ही शाहरूख और सलमान खान के फैंस के बीच शब्दों की तकरार चल रही हो लेकिन असल में बॉलीवुड के इन दो सुपरस्टार के बीच लड़ाई कब की खत्म हो चुकी है।
दोनों ही एक-दूसरे के लिए अपनी दोस्ती का उदाहरण देते रहे हैं और इसी सिलसिले को बरकरार रखते हुए किंग खान ने दबंग खान की आनी वाली बहुचर्चित फिल्म 'बजरंगी भाईजान' के टीजर पोस्टर को अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया।
शाहरुख ने अपने ट्विटर अकांउट पर फ़िल्म 'बजरंगी भाईजान' का पोस्टर ट्वीट करते हुए लिखा, “भाई होना हीरो होने से बड़ा है, भाईजान आ रहे हैं ईद-2015 पर।”
पोस्टर में सलमान खान का आधा चेहरा दिखाई दे रहा है वहीं जो सबसे ज्यादा आकर्षित करता है वो है उनका लॉकेट। उनके ब्रेसलेट की तरह ये लॉकेट भी जल्द ट्रेंड में आने की उम्मीद है।
बहरहाल ये पहली बार हुआ कि शाहरूख ने सलमान की किसी फिल्म का प्रचार इस तरह किया हो। हो न हो, ये उनकी दोस्ती को और मज़बूत बनाएगा।
उम्मीद की जा सकती है कि सलमान भी शाहरूख की आने वाली फिल्म 'दिलवाले' का प्रमोशन किसी न किसी रूप में करेंगे।
'बजरंगी भाईजान' में सलमान की सह-कलाकार करीना कपूर खान है और फिल्म के निर्देशक 'एक था टाईगर' के कबीर खान है।
Latest Bollywood News