Fact Check: CM योगी आदित्यनाथ के प्रधानमंत्री बनने का दावा फर्जी, VIDEO हो रहा वायरल
Fact Check: यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने साल 2029 में देश का प्रधानमंत्री बनने का संकेत दिया है।

Fact Check: सोशल मीडिया पर किसी भी वीडियो और पोस्ट को गलत दावे के साथ पेश करना बहुत ही आसान हो गया। कई बार ऐसे गलत फैक्ट्स खतरनाक हो जाता है। इन्हीं फेक दावों से आपको सावधान करने के लिए हम India TV फैक्ट चेक लेकर आते हैं। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक ऐसी ही पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें यह दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2029 में पीएम बनने का संकेत दिया है।
क्या हो रहा है वायरल?
सोशल मीडिया पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने साल 2029 में देश का प्रधानमंत्री बनने का संकेत दिया है।
क्या है वायरल दावा?
फैक्ट चेक की पड़ताल में यह दावा पूरी तरह भ्रामक और गलत पाया गया है। यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किए जा रहे इस वीडियो में योगी आदित्यनाथ को यह कहते हुए सुना जा सकता है, "प्रधानमंत्री बनने दीजिए, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) भी भारत का हिस्सा होगा।" वीडियो की स्क्रीन पर "Next PM 2029" का टेक्स्ट भी लिखा गया है, जिससे यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि योगी आदित्यनाथ स्वयं के प्रधानमंत्री बनने और उसके बाद PoK वापस लेने की बात कर रहे हैं।
पड़ताल में सामने आया सच
India TV फैक्ट चेक ने जब इस वीडियो की जांच की, तो सच्चाई कुछ और ही निकली। वायरल क्लिप को मूल वीडियो से काट-छांट कर बनाया गया है। यह वीडियो 18 मई 2024 को महाराष्ट्र के पालघर में आयोजित एक चुनावी जनसभा का है। उस समय योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में प्रचार किया था।
मूल वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था, "मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने दीजिए, अगले छह महीने के भीतर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भी भारत का हिस्सा होगा।" ### भ्रामक टेक्स्ट का खेल जांच में पाया गया कि शरारती तत्वों ने वीडियो से "मोदी जी को" और "तीसरी बार" जैसे शब्दों को हटाकर इसे इस तरह पेश किया जैसे योगी आदित्यनाथ खुद के प्रधानमंत्री बनने की बात कर रहे हों। साथ ही, "2029" का टेक्स्ट अलग से जोड़कर इसे भविष्य के दावे के रूप में प्रसारित किया गया।