A
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. पिता ने बेटी की हथौड़े से मार-मारकर ली जान, प्रेम विवाह की जिद बनी हत्या की वजह, रुकवा गया अंतिम संस्कार

पिता ने बेटी की हथौड़े से मार-मारकर ली जान, प्रेम विवाह की जिद बनी हत्या की वजह, रुकवा गया अंतिम संस्कार

पिता और बाकी घर के परिजनों ने बेटी की हत्या किए जाने के बाद मौत को हादसा बताने की कोशिश की। परिजनों ने मुहल्ले के लोगों को बताया कि बेटी की सीढ़ियों पर गिरने से मौत हो गई। जल्दबाजी में अंतिम संस्कार भी कराने लगे।

पिता ने की बेटी की हत्या- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT पिता ने की बेटी की हत्या

राजस्थान के झुंझुनूं जिले से ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। पिलानी इलाके के घूमनसर कलां गांव में एक पिता ने अपनी 23 साल की बेटी की हत्या कर दी। सनसनीखेज वारदात से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। बेरहम पिता ने बेटी की हत्या इसलिए कर दी कि वह अपनी पसंद से शादी करना चाहती थी।

प्रेम विवाह करने पर अड़ी थी बेटी

मृतका प्रियंका बीएससी स्नातक थी और झुंझुनूं में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह प्रेम विवाह करने पर अड़ी हुई थी, जिससे उसका पिता लगातार नाराज चल रहा था। इसी नाराजगी ने खौफनाक रूप ले लिया और पिता ने हथौड़ी से वार कर बेटी की जान ले ली।

परिवार ने हादसा बताने की कोशिश की

घटना को छिपाने के लिए परिजनों ने इसे हादसा बताने की कोशिश की। उन्होंने दावा किया कि प्रियंका सीढ़ियों से गिर गई और जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू कर दी गई।

रुकवा गया अंतिम संस्कार

लेकिन कहानी में तब बड़ा मोड़ आया, जब मृतका के चाचा के बेटे गौरव को शक हुआ। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चिड़ावा डीएसपी विकास धींधवाल और पिलानी थानाधिकारी चंद्रभान सिंह मौके पर पहुंचे और ऐन वक्त पर अंतिम संस्कार रुकवा दिया।

पुलिस की जांच में सामने आया ऑनर किलिंग का मामला

पुलिस जांच में मामला संदिग्ध पाया गया। इसके बाद सख्ती से पूछताछ की गई। आखिरकार पूरा सच सामने आ गया। पुलिस की जांच में पता चला कि यह हादसा नहीं, बल्कि ऑनर किलिंग थी।

आरोपी पिता को लिया गया हिरासत में

थानाधिकारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आने वाले समय में और भी चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

अमित शर्मा की रिपोर्ट