A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सैफई में भगदड़ में दो मीडियाकर्मी सहित 6 लोग ज़ख़्मी

सैफई में भगदड़ में दो मीडियाकर्मी सहित 6 लोग ज़ख़्मी

उत्तर प्रदेश के सैफई में आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मिलने की कोशिश में मची भगदड़ में दो मीडियाकर्मी सहित 6 लोग ज़ख़्मी हो गए। पुलिस लोगों की भीड़ को संभाल नहीं पाई। सैफई

Akhilesh Yadav- India TV Hindi
Akhilesh Yadav

उत्तर प्रदेश के सैफई में आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आज जनता से मुलाकात कार्यक्रम के दौरान उनसे मिलने के इच्छुक लोगों की भीड़ में हुई भगदड़ में कन्नौज के जिला पंचायत अध्यक्ष समेत छह लोग घायल हो गये। घायलों में दो मीडियाकर्मी भी हैं।

सैफई के PWD गेस्ट हाउस में सैकड़ों लोग अखिलेश यादव को दीवाली की बधाई देने और अर्जियां लेकर पंहुचे थे। गेट के पास हूजूम बढ़ता चला गया। इस बीच पुलिस ने एकदम दरवाज़ा खोल दिया जिससे भगदड़ मच गई। 

अपर पुलिस अधीक्षक रामकिशन यादव ने यहां बताया कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव लोकनिर्माण विभाग के अतिथिगृह में आम लोगों से मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान बड़ी संख्या में फरियादियों के वहां पहुंच जाने के मद्देजनर अतिथिगृह का मुख्य द्वार बंद कर दिया गया था। इस बीच, किसी विशिष्ट व्यक्ति की कार को अंदर भेजने के लिये मुख्य द्वार खोला गया तो कार के पीछे लोगों की भीड़ भी धक्का देकर अंदर घुसने की कोशिश करने लगी। 

इस दौरान भगदड़ सी मच गयी जिसमें कन्नौज के जिला पंचायत अध्यक्ष संतोष यादव समेत छह लोग जख्मी हो गये। इसके अलावा मौके पर मौजूद कुछ मीडियाकर्मियों को भी चोटें आयीं। उन्हें मरहम-पट्टी के लिये अस्पताल ले जाया गया है। 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस द्वारा काफी मशक्कत करके भीड़ को काबू किये जाने के बाद जनता दर्शन कार्यक्रम दोबारा शुरू हुआ। 

Latest India News