जम्मू: सेना ने रायफल मैन विमल तमांग को अंतिम विदाई दी। विमल कल जम्मू-कश्मीर के राजौरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान द्वारा संघर्ष विराम का उल्लंघन कर की गयी गोलाबारी में शहीद हुए थे।
(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
सेना के एक प्रवक्ता ने कहा, ''राजौरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर तैनाती के दौरान देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए अपने प्राण का बलिदान देने वाले बहादुर शहीद रायफलमैन विमल तमांग के सम्मान में पुष्पचक्र अर्पण समारोह का आयोजन किया गया।''
उन्होंने बताया कि रायफलमैन तमांग को अंतिम विदाई देने के लिए आयोजित किए गए कार्यक्रम में 25 इंफेंट्री डिवीजन के जनरल ऑफिसर कमांडिंग ने सेना की उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हुड्डा और व्हाइट नाइट कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल एके शर्मा की ओर से शव पर पुष्पचक्र अर्पित किए।
रायफलमैन तमांग (20) नेपाल के धरन के रहने वाले थे और उनके परिवार में उनकी मां निर्मया तमांग हैं। प्रवक्ता ने कहा कि वह एक समर्पित, बहादुर, संजीदा सैनिक थे और पूरी तरह पेशेवर थे, अपने काम से बेइंतहा प्यार करते थे। उन्होंने कहा, देश इस सर्वोच्च बलिदान एवं कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए हमेशा उनका ऋणी रहेगा। वह आने वाली पीढि़यों को प्रेरित करते रहेंगे।
Latest India News