A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अरूणाचल प्रदेश के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

अरूणाचल प्रदेश के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

राजस्थान के टोंक जिले के निवाई कस्बे में स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में अध्यनरत अरूणाचल प्रदेश के एक छात्र की कल संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी।

arunachal student dies in suspicious conditions in rajasthan- India TV Hindi
arunachal student dies in suspicious conditions in rajasthan

जयपुर: राजस्थान के टोंक जिले के निवाई कस्बे में स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में अध्यनरत अरूणाचल प्रदेश के एक छात्र की कल संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार बी टेक दूसरे वर्ष के छात्र हाथमा की मौत उंचाई से गिरने के कारण हुई है।

पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन ने आज बताया कि निवाई स्थित के एन. मोदी विश्वविद्यालय में अरूणाचल प्रदेश का छात्र हाथमा (19) छात्रावास के तीसरे माले से पिलर के जरिये नीचे उतर रहा था, कि उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। नीचे गिरने से घायल होने के कारण उसे जयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उपचार दौरान कल उसकी मौत हो गयी।

निवाई के थानाधिकारी रामावतार सिंह ने बताया कि हाथमा और उसके कुछ साथी गत 14-15 दिसम्बर की रात को अपने विश्वविद्यालय के छात्रावास के निकट स्थित एक अन्य छात्रावास में पार्टी करने गये थे। पार्टी के दौरान मृतक छात्र और इसके सहयोगियों ने शराब पी। इसके बाद हाथमा और उनके मित्रों का छात्रावास के अन्य छात्रों से किसी बात को लेकर झगडा हो गया। झगडा होने पर छात्रावास के वार्डन के आने पर मृतक छात्र और उसके साथी छात्रावास से भाग कर अपने छात्रावास पहुंचे।

उन्होंने बताया कि झगडे़ के बाद हाथमा घबराकर छात्रावास के तीसरे माले में एक अन्य कमरे में जा छिपा और अपने कमरे में जाने के लिए बालकानी से पिलर के जरिये नीचे उतरने का प्रयास के दौरान अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ा।

थानाधिकारी ने बताया कि हाथमा को देर रात जयपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार दौरान कल उसने दम तोड दिया। पुलिस ने मृतक छात्र के परिजनों को सूचना दे दी है और उसके परिजनों की मौजूदगी में आज पोस्टमार्टम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक छात्र के परिजनों और विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पदाधिकारियों को सीसीटीवी के फुटेज दिखा दिये गये है।

पुलिस ने फिलहाल इस सम्बध में मामला दर्ज नहीं किया है। मृतक के पिता ने पुलिस कोेे एक शिकायत दी है। पुलिस शिकायत की जांच कर रही है।

Latest India News