A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सुकमा नक्सली हमले की जांच में बड़ी सफलता, 12 आरोपी पकड़े गए

सुकमा नक्सली हमले की जांच में बड़ी सफलता, 12 आरोपी पकड़े गए

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के बुरकापाल में हुए नक्सली हमले के 12 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

Naxal attack- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO Naxal attack

रायपुर/सुकमा: छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के बुरकापाल में हुए नक्सली हमले के 12 संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ के दौरान करीब आधे आरोपियों ने बुरकापाल नक्सली हमले में शामिल होना स्वीकार किया है। ये गिरफ्तारियां ठीक ऐसे वक्त हुई जब गुरुवार को ही केंद्रीय गृह राज्य मंत्री हंसराज अहीर सुकमा में अधिकारियों के साथ रिव्यू मीटिंग करने पहुंचे थे। पकड़े गए आरोपियों में अधिकतर चिंतागुफा व चिंतलनार के बताए गए हैं। 

बस्तर पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने कहा कि 24 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के सुकमा में सीआरपीएफ के जवानों पर नक्सलियों ने घात लगाकर हमला किया था। इस हमले को अंजाम देने वाले नक्सलियों में से 12 संदिग्ध आरोपियों को गुरुवार को पकड़ा गया है। लंबी पूछताछ के बाद आरोपियों में से आधे ने हमले में शामिल होना स्वीकार किया है। गिरफ्तारियां वारदात वाली जगह से 20 किलोमीटर दूर चिंतागुफा के आसपास ही हुई हैं। 

सिन्हा ने बताया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने पकड़े गए संदिग्ध आरोपियों के नाम बताने से फिलहाल इंकार कर दिया। इलाके में सर्चिग बढ़ा दी गई है। गांव में और भी लोगों से पूछताछ की जा रही है।

Latest India News