A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नीतीशराज में रिजल्ट की 'सुनामी', 8 लाख छात्रों के फेल होने की इनसाइड स्टोरी

नीतीशराज में रिजल्ट की 'सुनामी', 8 लाख छात्रों के फेल होने की इनसाइड स्टोरी

जरा कल्पना कीजिए किसी इम्तिहान में बारह लाख छात्र बैठे हों और उनमें से आठ लाख छात्र फेल हो जाएं....ये सुनकर कोई भी चौंकेगा। खुद बिहार में भी खलबली मची हुई है, क्योंकि इस बार बिहार बोर्ड के बारहवीं क्लास के नतीजों में तो मानो फेल की सुनामी जैसी आ गई ह

bihar- India TV Hindi
bihar

पटना: जरा कल्पना कीजिए किसी इम्तिहान में बारह लाख छात्र बैठे हों और उनमें से आठ लाख छात्र फेल हो जाएं....ये सुनकर कोई भी चौंकेगा। खुद बिहार में भी खलबली मची हुई है, क्योंकि इस बार बिहार बोर्ड के बारहवीं क्लास के नतीजों में तो मानो फेल की सुनामी जैसी आ गई है। पैंसठ फीसदी से ज्यादा छात्र फेल हो गए हैं। ये उसी बिहार बोर्ड के इम्तिहान का रिजल्ट है, जहां पिछले साल तक नकल की हैरान करने वाली तस्वीरें आई थीं। तो आखिर इस बार ऐसा क्या हुआ कि छात्रों को पास होने के लाले पड़ गए और आठ लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स फेल हो गए?

इस बार न ऐसी नकल हो पाई, न इम्तिहान में पर्चियां चल पाईं और न परीक्षा केंद्रों के बाहर नकल कराने वालों का ऐसा मेला लगा रहा और आज जब रिजल्ट आया तो पूरे बिहार में खलबली मच गई। जितने स्टूडेंट्स पास हुए उनके लगभग दोगुनी संख्या में स्टूडेंट्स फेल हो गए। बिहार बोर्ड के आज घोषित हुए बारहवीं कक्षा के नतीजों में-

  • 8 लाख 3 हजार छात्र-छात्रायें फेल हो गए
  • करीब 65 फीसदी स्टूडेंट्स फेल हो गए
  • इम्तिहान पास करने वालों का प्रतिशत रहा महज 35 फीसदी

सब्जेक्ट वाइज रिजल्ट देखेंगे तो कोई भी हैरान रह जाएगा--

  • साइंस में 70 % छात्र फेल हो गए
  • आर्ट्स में 63 % छात्र फेल हुए
  • तो कॉमर्स में फेल हुए 26 % छात्र

'पहली बार कॉपी पर बार कोडिंग'

इस बार नीतीश सरकार ने कायदे-कानून का ऐसा डंडा चलाया कि नकल के दम पर इम्तिहान पास करने की हसरत रखने वाले चित हो गए...रही-सही कसर पूरी कर दी कंप्यूटराइज एक्जाम सिस्टम ने। लेकिन सिर्फ इतना ही पर्याप्त नहीं था। इम्तिहान देने के बाद कॉपी चेक होने के दौरान भी पहले पास-फेल के जुगाड़ हो जाया करते थे। इस बार ऐसा इंतजाम किया गया कि किसी को ये पता न चले कि कॉपी किसकी है। कॉपियों पर कैंडिडेट के रोल नंबर होते थे, इससे पहचान होती थी इस बार उसे मिटा दिया गया और बार कोडिंग की गई।

ये सारी तरकीबें अपनाने के बाद सामने आया ये रिजल्ट-

  • कुल परीक्षार्थियों की संख्या 12 लाख 40 हजार
  • पास हुए छात्र-छात्राएं कुल 4 लाख 37 हजार
  • फेल हुए छात्र-छात्राओं की संख्या 8 लाख 3 हजार
  • टोटल रिजल्ट रहा कुल 35.25 परसेंट

हालांकि ऐसे हाहाकारी रिजल्ट के बीच कुछ मेधावी बच्चों ने उम्मीदें भी जगाई हैं...बिहार की बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में इस बार की साइंस टॉपर रही सिमुलतला जमुई की खुशबू कुमारी है जिसके कुल नंबर आए 86.2 फीसदी, कॉमर्स सब्जेक्ट में टॉपर रहे पटना के कालेज ऑफ़ कॉमर्स के प्रियांशु जायसवाल जिनके कुल मार्क्स मिले 81.6 परसेंट वहीं आर्ट्स में समस्तीपुर के रमेश कुमार ने 82.6 परसेंट मार्क्स लेकर टॉप किया।

हालांकि जो इस बार बारहवीं के इम्तिहान में इस बार सख्ती के चलते फेल हो गए हैं, उनके लिए अवसर खत्म नहीं हो गए हैं। फेल हुए छात्रों के लिए एक कंपार्टमेंटल परीक्षा भी जुलाई में कराई जाएगी लेकिन नकल की गुंजाइश तब भी नहीं होगी।

देखिए वीडियो-

Latest India News