A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तरप्रदेश: मिशन 265 प्लस के लिए बीजेपी की परिवर्तन यात्रा

उत्तरप्रदेश: मिशन 265 प्लस के लिए बीजेपी की परिवर्तन यात्रा

उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए बीजेपी 5 नवंबर से परिवर्तन यात्रा निकालेगी। चार जगहों से निकलनेवाली इस यात्रा का उद्देश्य मिशन 265 प्लस का लक्ष्य हासिल करना है।

Amit Shah, BJP- India TV Hindi
Image Source : PTI Amit Shah

नयी दिल्ली : उत्तरप्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए बीजेपी 5 नवंबर से परिवर्तन यात्रा निकालेगी। चार जगहों से निकलनेवाली इस यात्रा का उद्देश्य मिशन 265 प्लस का लक्ष्य हासिल करना है। पार्टी इसमें अपराध, भ्रष्टाचार, कुशासन एवं लोगों की बुनियादी जरूरतों के मुद्दे को उठायेगी और विकास का अपना एजेंडा लोगों के समक्ष पेश करेगी।
 
(देश-दुनिया की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

बिहार विधानसभा चुनाव के विपरीत बीजेपी उत्तरप्रदेश में पूरी तरह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आगे नहीं करेगी बल्कि प्रदेश के कई नेताओं को अभियान में आगे करेगी। पार्टी का मानना है कि चुनाव में सामूहिक नेतृत्व को महत्व दिया जायेगा । बीजेपी के राष्ट्रीय सचिव श्रीकांत शर्मा ने भाषा से कहा कि पार्टी इस यात्रा के दौरान पूर्ववर्ती बसपा और वर्तमान सपा सरकार के भ्रष्टाचार, अपराध और प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं की कमी की समस्याओं को रेखांकित करेगी। 

बीजेपी की परिवर्तन यात्रा पांच नवंबर को सहारनपुर, छह नवंबर को झांसी, सात नवंबर को सोनभद्र और आठ नवंबर को बलिया से शुरू होगी। बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह इस परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखायेंगे। बीजेपी ने इस यात्रा के लिए बसों के रूप में परिवर्तन रथ भी तैयार किया जिस पर ''न गुंडाराज, न भ्रष्टाचार, अबकी बार भाजपा सरकार'' तथा ''पूर्ण बहुमत सम्पूर्ण विकास, अबकी बार भाजपा सरकार'' जैसे नारों का उल्लेख है। 

श्रीकांत शर्मा ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की अखिलेश सरकार बस कुछ ही दिनों की मेहमान है। प्रदेश की जनता 2012 में अखिलेश की बुआ को खारिज कर चुकी है और अब भतीजे अखिलेश को भी राज्य की जनता ने सिरे से खारिज कर दिया है। बस औपचारिकताएं रह गई हैं, वह भी ईवीएम पर बटन दबाते ही पूरी हो जायेगी। 

Latest India News